विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: पुलिस की गश्त के दौरान नदी किनारे मिले युवक-युवती, समझाने पर हुई बहस; थाने ले जाकर परिजनों के हवाले किया

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:32 PM (IST)

बालुरघाट में आत्रेयी नदी किनारे झाड़ियों में बैठे कॉलेज छात्र-छात्रा को महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी।

नदी किनारे बैठे छात्र-छात्रा की महिला पुलिस से बहस। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

नदी किनारे बैठे छात्र-छात्रा की महिला पुलिस से बहस। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. बालुरघाट में आत्रेयी नदी किनारे मिले कॉलेज छात्र-छात्रा।

  2. महिला पुलिसकर्मियों की सलाह पर युवक-युवती ने की बहस।

  3. पुलिस थाने ले गई, बाद में परिजनों को सौंपा गया।

जागरण संवाददाता, बालुरघाट। आत्रेयी नदी के किनारे झाड़ियों में बैठे कॉलेज छात्र-छात्रा को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह देना महिला पुलिसकर्मियों के लिए परेशानी का कारण बन गया। आरोप है कि बार-बार समझाने के बावजूद दोनों नदी किनारे से ऊपर आने को तैयार नहीं हुए। उल्टे महिला पुलिसकर्मियों के साथ बहस करने लगे। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।

हालांकि, पहचान और पते की जांच तथा स्वजन से संपर्क करने के बाद बिना किसी मामला दर्ज किए दोनों को परिवार के हवाले कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार को बालुरघाट जिला पुलिस की महिला विनर्स टीम नियमित निगरानी के तहत नदी किनारे गश्त कर रही थी। इसी दौरान नदी के किनारे जंगली झाड़ियों के बीच एक युवक और युवती बैठे दिखाई दिए। आसपास का इलाका काफी सुनसान था और नदी के किनारे बैठना जोखिमपूर्ण माना जा रहा था।

महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को नदी किनारे से ऊपर सुरक्षित स्थान पर आने की सलाह दी। पुलिस का कहना है कि दोनों को किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल नहीं देखा गया था, लेकिन जिस जगह वे बैठे थे, वहां दुर्घटना की आशंका थी। इसलिए उन्हें बार-बार वहां से हटने के लिए कहा गया।

आरोप है कि युवक-युवती ने पुलिस की सलाह मानने के बजाय महिला पुलिसकर्मियों के साथ बहस शुरू कर दी। इस दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए बालुरघाट थाने को सूचना दी गई। खबर मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक और युवती दोनों कॉलेज के विद्यार्थी हैं। थाने में उनकी पहचान और पते की जांच की गई। इसके बाद परिवार के सदस्यों से संपर्क कर उन्हें बुलाया गया। अंततः बिना किसी मामले के दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।