राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने वाली अर्पिता घोष को तृणमूल कांग्रेस ने नियुक्त किया बंगाल में पार्टी का महासचिव
राज्यसभा के सदस्य पद से इस्तीफा देने वाली नाट्य कर्मी अर्पिता घोष को तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में पार्टी का महासचिव नियुक्त किया है। शुक्रवार को बंगाल तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष सुब्रत बक्शी की ओर से जारी एक आधिकारिक पत्र में अर्पिता घोष को उनकी नियुक्ति की जानकारी दी गई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः दो दिन पहले राज्यसभा के सदस्य पद से इस्तीफा देने वाली नाट्य कर्मी अर्पिता घोष को तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में पार्टी का महासचिव नियुक्त किया है। शुक्रवार को बंगाल तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष सुब्रत बक्शी की ओर से जारी एक आधिकारिक पत्र में अर्पिता घोष को उनकी नियुक्ति की जानकारी दी गई। पिछले बुधवार को सुश्री घोष ने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था।
उसी समय कयास लगाया गया था कि उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर इस्तीफा दिया है और उन्हें संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। बता दें थियेटर डायरेक्शन और अभिनय के क्षेत्र से जुड़ीं अर्पिता घोष ने साल 2010 में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की।
उल्लेखनीय है कि सुश्री घोष उन सांसदों में शामिल थीं जिनपर संसद में मानसून सत्र के दौरान हंगामा करने और मार्शलों से उलझने का आरोप लगा था। इस मामले में उनको निलंबित भी किया गया था। हालांकि खबर यह है कि तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व घोष के प्रदर्शन से नाखुश थी और आलाकमान ने ही उन्हें इस्तीफा देने को कहा है। वह मार्च 2020 में राज्यसभा के लिए चुनी गई थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में बलुरघाट से उनकी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें उच्च सदन भेजा था। इससे पहले उन्हें दक्षिण दिनाजपुर के संगठन का भी प्रभारी नियुक्त किया था, लेकिन बाद में उन्हें उस पद से भी हटा दिया गया था।
गौरतलब है कि पिछले दिनों तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में एक सीट पर होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए सुष्मिता देव को नामांकित किया।वह हाल में कांग्रेस छोड़कर टीएमसी में शामिल हुई थीं। तृणमूल नेता व बंगाल सरकार में मंत्री मानस भुइयां के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफे के कारण यह सीट खाली हुई थी, जिसपर चार अक्टूबर को उपचुनाव होने हैं। हाल में चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव की घोषणा की थी। इसके बाद तृणमूल ने आधिकारिक रूप से राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के रूप में सुष्मिता देव के नाम की घोषणा की। पार्टी ने ट्वीट किया, हमें सुष्मिता देव को संसद के ऊपरी सदन के लिए नामांकित करके अत्यधिक खुशी हो रही है। ममता बनर्जी के महिलाओं को सशक्त करने तथा राजनीति में उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की दूरदृष्टि से हमारे समाज को और अधिक हासिल करने में मदद मिलेगी।
असम से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व उसकी महिला शाखा की राष्ट्रीय प्रमुख रही देव पिछले महीने ममता बनर्जी की अगुवाई वाली पार्टी टीएमसी में शामिल हो गईं थीं। टीएमसी में शामिल होते ही उन्हें असम और त्रिपुरा में पार्टी का कामकाज देखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।बता दें कि राज्यसभा की ये सीट टीएमसी को मिलनी तय है। उल्लेखनीय है कि सुष्मिता देव इससे पहले असम की सिलचर सीट से 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुनी गई थीं। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।