बंगाल: न्यूटाउन के निजी अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सों पर हमला, हथियारबंद बदमाशों ने की जमकर तोड़फोड़
न्यूटाउन के जात्रागाछी स्थित एक निजी अस्पताल में हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर तोड़फोड़ की, जिसमें मरीज और स्टाफ प्रभावित हुए।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोलकाता। न्यूटाउन के जात्रागाछी इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में हथियारबंद बदमाशों द्वारा हमला और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है।
अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय प्रमोटर संजीव विश्वास और उनके साथियों पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। घटना के पीछे जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है, जिसे लेकर मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, बीती रात आग्नेयास्त्र लेकर कुछ लोग अस्पताल में घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। उस समय अस्पताल में नौ मरीज भर्ती थे, जिनमें दो आईसीयू में थे।
आरोप है कि हमलावरों ने मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाल दिया। साथ ही डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट कर उन्हें भी वहां से जाने पर मजबूर किया।
प्रबंधन ने इस घटना के पीछे संजीव विश्वास का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार किया। अस्पताल की ओर से न्यूटाउन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
वहीं, संजीव विश्वास ने दो दिन पहले जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए अस्पताल पर करोड़ों रुपये का किराया बकाया होने और अवैध रूप से संचालन का आरोप लगाया था। घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।