फोटो नंबर 22 : राज्य की तटीय सुरक्षा की हुई उच्च स्तरीय समीक्षा
पश्चिम बंगाल में तटीय सुरक्षा पर शीर्ष स्तरीय समिति की सातवीं समीक्षा बैठक शुक्रवार को महानगर स्थित नौसेना बेस आइएनएस नेताजी सुभाष में आयोजित हुई।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : पश्चिम बंगाल में तटीय सुरक्षा पर शीर्ष स्तरीय समिति की सातवीं समीक्षा बैठक शुक्रवार को महानगर स्थित नौसेना बेस आइएनएस नेताजी सुभाष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ वाइस एडमिरल करमवीर सिंह ने की। बैठक में पूर्वी नौसेना कमान के अधिकारियों सहित राज्य के मुख्य सचिव मलय दे के अलावा तटीय सुरक्षा से जुड़े सभी हितधारकों, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, कोस्ट गार्ड के कमांडर आदि ने हिस्सा लिया। बैठक में समुद्री तटीय सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में राज्य में तटीय सुरक्षा तंत्र का विस्तृत जायजा लिया गया और अंतर-एजेंसी समन्वय, सूचना साझाकरण सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों और तटीय सुरक्षा के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की गई। इसके अलावा तटीय सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रीय समिति के विभिन्न कार्रवाई बिंदुओं की भी समीक्षा की गई और इसपर तेज गति से क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से तटीय सुरक्षा योजनाओं जैसे कोस्टल मैपिंग, कॉमन कम्युनिकेशन नेटवर्क, मछुआरों को बायोमैट्रिक पहचान पत्र का वितरण, मछली पकड़ने के लैंडिंग बिंदुओं की निगरानी आदि पर चर्चा हुई। बैठक में समुद्री व तटीय सुरक्षा की प्रमुख कड़ी माने जाने वाले मछली पकड़ने वाले समुदाय के लोगों के साथ बेहतर समन्वय व उनके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया। गौरतलब है कि भारतीय तटों की सुरक्षा राज्य समुद्री पुलिस, भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना की त्रिस्तरीय प्रणाली द्वारा सुनिश्चित की जाती है।