विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मोमो फैक्ट्री में किसका पैसा लगा है?', कोलकाता अग्निकांड को लेकर ममता पर बरसे शाह

Published: Sat, 31 Jan 2026 04:02 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के आनंदपुर स्थित मोमो फैक्ट्री अग्निकांड को भ्रष्टाचार का नतीजा बताया। उन्होंने ममता ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के आनंदपुर इलाके में वाओ मोमो फैक्ट्री व गोदाम में हाल में लगी भीषण अग्निकांड की घटना को लेकर शनिवार को ममता सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आग कोई साधारण दुर्घटना नहीं है, बल्कि राज्य प्रशासन में फैले भ्रष्टाचार का नतीजा है।

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल दौरे पर पहुंचे शाह ने कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते इस भीषण अग्निकांड का जिक्र किया और दावा किया कि इसमें 25 लोगों की जान चली गई है और 27 लोग अभी भी लापता हैं। शाह ने इस घटना को लेकर ममता सरकार से कई सवाल पूछे।

amit shah bengal rally

'मोमो फैक्ट्री में किसका पैसा लगा हुआ है?'

कहा- यह हादसा क्यों हुआ? इस मोमो फैक्ट्री में किसका पैसा लगा हुआ है? मोमो फैक्ट्री के मालिक कौन हैं? मोमो फैक्ट्री के मालिकों ने विदेश की कौन-कौन सी उड़ानों में किसके साथ यात्रा की है? मालिक को अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है?

उन्होंने ममता से सवाल करते हुए कहा कि अगर मरने वाले लोग घुसपैठिए होते तो क्या राज्य सरकार का रवैया यही होता? शाह ने कहा कि बंगाली नागरिकों की हत्या हुई है। इस घटना पर राजनीति करना शर्मनाक है और राज्य सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए। उन्होंने पूछा- इस मामले में आप वोट बैंक की राजनीति क्यों कर रहे हैं? ममता बनर्जी को शर्म आनी चाहिए।

amit shah in bengal

निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कराने की मांग

गृह मंत्री ने ममता सरकार से आग की इस घटना की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कराने की मांग की। शाह ने कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों को जेल भेजा जाए। शाह ने कहा कि बंगाल में हमारे नेता अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य पीड़ित परिवारों से मिलने गए थे। हमारे कार्यकर्ताओं ने घटना का विरोध किया और पुलिस ने उन पर अत्याचार किया। ममता बनर्जी की पार्टी और सरकार की भ्रष्टाचार अब और छिप नहीं सकता।

कहा कि आनंदपुर की फैक्ट्री व गोदाम में आग का मामला चीख-चीखकर कह रहा है कि ममता बनर्जी के लोग इसमें शामिल हैं। ममता बनर्जी इसे ढकना चाहती हैं। उन्होंने साफ कहा कि बंगाल में अप्रैल में विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और हादसे के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति को चुन-चुनकर जेल भेजा जाएगा।

बंगाल में इस बार बदलाव तय

अपने भाषण में शाह ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ चुनावों के आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि 2026 में बंगाल में बदलाव तय है। शाह ने 2021 के पिछले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस चुनाव में भाजपा को 38 प्रतिशत वोट मिला था और 77 सीटें जीतकर सुवेंदु अधिकारी विपक्ष के नेता बने।

शाह ने कहा, ममता दीदी, हमें 38 से 45 प्रतिशत तक जाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। यह याद रखना, आने वाले चुनाव में भाजपा 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट शेयर के साथ बंगाल में सरकार बनाएगी। शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि वह अपने भतीजे को अगला मुख्यमंत्री बनाने के सपने में ऑप्टिकल डिल्यूजन (भ्रम) का शिकार हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जब यह सपना टूटेगा, तो यह भ्रम अपने आप खत्म हो जाएगा।

मतुआ समुदाय के लोगों को भी भरोसा दिलाया

शाह ने मतुआ समुदाय के लोगों को भी भरोसा दिलाया। शाह ने कहा कि ममता बनर्जी व टीएमसी उन्हें यह कहकर डरा कर रही हैं कि एसआईआर के चलते उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि एक भी मतुआ मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा।

शाह ने कहा कि चाहे ममता बनर्जी, उनकी सरकार या उनकी पार्टी कुछ भी कोशिश कर लें, एसआईआर की प्रक्रिया जारी रहेगी और पूरी तरह पारदर्शी मतदाता सूची के साथ चुनाव कराए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- 'रावण को भी लगता था उसे कोई हरा नहीं सकता...', बंगाल में अमित शाह का ममता बनर्जी पर निशाना