कोलकाता एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के समय जमीन से टकराया Akasa Air के विमान का पिछला हिस्सा
शनिवार सुबह अहमदाबाद से कोलकाता आ रही अकासा एयर की उड़ान संख्या QP 1925 कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान 'टेल स्ट्राइक' का शिकार हो गई।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
अकासा एयर की उड़ान में कोलकाता में 'टेल स्ट्राइक' घटना।
अहमदाबाद से आ रही फ्लाइट QP 1925 लैंडिंग के दौरान हुई।
सभी यात्री सुरक्षित, विमान की विस्तृत जांच जारी है।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। शनिवार सुबह अहमदाबाद से कोलकाता आ रही आकासा एयर की एक उड़ान के साथ कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक तकनीकी घटना घटी। सूत्रों के मुताबिक, लैंडिंग के वक्त विमान के पिछले हिस्से का निचला हिस्सा रनवे या जमीन से छू गया, जिसे विमानन भाषा में 'टेल स्ट्राइक' कहा जाता है।
बता दें कि अहमदाबाद से कोलकाता आ रही आकासा एयर की उड़ान संख्या QP 1925 जब सुबह करीब 7:40 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी, तब यह तकनीकी घटना घटी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विमान बोइंग 737 मैक्स 8 (Boeing 737 MAX 8) था। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें सामान्य तरीके से विमान से उतार लिया गया है।
एयरलाइन ने क्या कहा?
आकासा एयर की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि अहमदाबाद से आ रही यह फ्लाइट जब कोलकाता में लैंड कर रही थी, तो उसे एक बार 'गो-अराउंड' यानी दोबारा हवा में चक्कर लगाने के लिए ले जाया गया और उसके बाद विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।
बयान के मुताबिक कि लैंडिंग के बाद की गई जांच में पता चला कि विमान का पिछला हिस्सा जमीन के संपर्क में आ गया था। तय नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है और मामले की जाँच की जा रही है।
अब आगे क्या?
गौरतलब है कि इस बात की पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है कि विमान में कुल कितने यात्री सवार थे। फिलहाल, घटना के बाद विमान को कोलकाता एयरपोर्ट पर ही सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है, जहां इंजीनियरों और तकनीकी टीम द्वारा इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।