नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर हुए बवाल ले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने फोन कर सांसद अर्जुन सिंह से जाना हाल
नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर भाटपाड़ा में जमकर बवाल व संघर्ष हो गया। इस दौरान तृणमूल व भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। आरोप है कि माल्यार्पण के लिए पहुंचे भाजपा सांसद को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इससे रोका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में स्थानीय भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को माल्यार्पण करने से रोके जाने और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से उनपर हमले की घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिंह को फोन कर जानकारी ली और उनका हाल जाना। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, करीब दस मिनट तक शाह और अर्जुन सिंह के बीच बातचीत हुई। इस दौरान बैरकपुर से सांसद सिंह ने गृह मंत्री को घटना की पूरी जानकारी दी। उनकी बात सुनने के बाद गृह मंत्री ने अर्जुन सिंह से लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को शिकायत पत्र भेजने को भी कहा। इसके बाद भाजपा सांसद ने लोकसभा स्पीकर को अपने ऊपर हुए हमले के बारे में पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस बारे में अर्जुन सिंह ने मीडिया को बताया कि मैंने घटना के संबंध में हर जानकारी गृह मंत्री को दी है। उन्होंने कई सुझाव दिए। यह एक अच्छी बात है। सिंह ने गृह मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश चुनाव में वे इतने व्यस्त हैं, बावजूद इसके सांसद पर हमले की खबर मिलने के बाद उन्होंने दोपहर में मुझे फोन किया। दूसरी ओर, घटना के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व बालुरघाट से सांसद सुकांत मजुमदार भी भाटपाड़ा पहुंचे और अर्जुन सिंह से मिलकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पार्टी की ओर से उन्हें पूरा सहयोग व समर्थन को लेकर आश्वस्त भी किया।
उल्लेखनीय है कि नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण को लेकर रविवार सुबह भाटपाड़ा में जमकर बवाल व संघर्ष हो गया। इस दौरान तृणमूल व भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। आरोप है कि माल्यार्पण के लिए पहुंचे भाजपा सांसद को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने इससे रोका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही उन पर ईंटों से हमला किया गया। सांसद ने आरोप लगाया कि भाटपाड़ा को अशांत करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने सांसद के सुरक्षा गार्डों पर कई राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है। इलाके में तनाव को देखते हुए रैफ को उतारा गया है।इसके बाद दोपहर में गृहमंत्री अमित शाह ने अर्जुन सिंह को गृह फोन कर घटना की जानकारी ली।