पश्चिम बंगाल: IT पार्क के बाद अब अपार्टमेंट के कमरे में कॉल सेंटर का खुलासा, 8 गिरफ्तार
सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में एक अपार्टमेंट में चल रहे अवैध कॉल सेंटर पर पुलिस ने छापा मारा। इस कार्रवाई में ...और पढ़ें

कॉल सेटर की तस्वीर (फाइल)।
HighLights
माटीगाड़ा के अपार्टमेंट में अवैध कॉल सेंटर पर छापा।
आठ गिरफ्तार, मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए गए।
आईटी पार्क छापेमारी के बाद बदला था ठिकाना।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। माटीगाड़ा के लैक्सिकों मोड़ स्थित एक अपार्टमेंट में चल रहे अवैध कॉल सेंटर पर गुरुवार तड़के पुलिस ने एक बार फिर छापेमारी की। माटीगाड़ा थाना, सिलीगुड़ी साइबर क्राइम, डिटेक्टिव डिपार्टमेंट तथा एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।
इस दौरान आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। घटनास्थल से 10 से 15 मोबाइल फोन और आठ से ज्यादा लैपटाप जब्त किए गए हैं।
छापेमारी के बाद बदला ठिकाना
पुलिस सूत्रों की माने तो माटीगाड़ा स्थित आइटी पार्क में 11 सितंबर को अवैध कॉल सेंटर के खिलाफ हुई छापेमारी के बाद आरोपितों ने अपना ठिकाना बदल लिया था। इसके बाद एक अपार्टमेंट में कमरा किराए पर लेकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
रात में होता था कॉल सेंटर का संचालन
पुलिस के अनुसार इस काल सेंटर का संचालन मुख्य रूप से रात के समय किया जाता था। यहां से विदेशों में फोन कर लोगों के साथ ठगी की जा रही थी। इस गतिविधि की भनक लगते ही पुलिस ने योजना के तहत गुरुवार तड़के विशेष टीम का गठन कर अपार्टमेंट में छापेमारी की। आठ लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में माटीगाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आठ आरोपितों को गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
11 सिंतबर को छापेमारी में 9 लोग हुए थे गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 11 सितंबर को माटीगाड़ा स्थित आइटी पार्क में छापेमारी कर दो अवैध काल सेंटर संचालित करने के आरोप में अलग-अलग मामलों में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार लोगों में महिलाएं भी शामिल थीं। बाद में पुलिस ने इस मामले के एक मास्टरमाइंड को कोलकाता से गिरफ्तार किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।