विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अभिषेक के बाद TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमले का दावा, सिर पकड़ सड़क पर लेटे नजर आए

Published: Sun, 31 May 2026 12:40 PM (IST)Updated: Sun, 31 May 2026 12:54 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं पर हमले जारी हैं। अभिषेक बनर्जी के बाद अब सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला हुआ, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

HighLights

  1. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर हुआ हमला, वीडियो वायरल।

  2. अभिषेक बनर्जी के बाद दूसरे टीएमसी नेता पर हमला।

  3. चंडीतला में स्थानीय लोगों ने सांसद पर हमला किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसदों के खिलाफ जनाक्रोश की घटनाएं लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिलीं। शनिवार को सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी के साथ हुई कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना के बाद रविवार को हुगली के चंडीतला में श्रीरामपुर से तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी को भारी जनक्रोश का सामना करना पड़ा।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काला झंडा दिखाया और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। पथराव में सांसद के सिर में चोट लग गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

kalyan banerjee

जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी के साथ हुई घटना के विरोध में कल्याण बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीतला थाने में ज्ञापन सौंपने जा रहा था।

आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पहले काला झंडा दिखाकर विरोध जताया और बाद में पथराव शुरू कर दिया। लगातार फेंके गए पत्थरों में एक सांसद के सिर पर लगा, जिससे वह घायल हो गए।

kalyan banerjee injured

तृणमूल कार्यकर्ताओं और विरोध कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की

घटना के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं और विरोध कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने तत्काल सांसद को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। तबीयत में कुछ सुधार होने के बाद कल्याण बनर्जी अपने समर्थकों के साथ चंडीतला थाने के सामने धरने पर बैठ गए।

धरने के दौरान सांसद ने पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि एक सांसद पर खुलेआम हमला हो सकता है तो आम लोगों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला कर उनकी जान लेने की कोशिश की गई।

kalyan banerjee hit

हमलावरों के खिलाफ पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें लिखित शिकायत देने की सलाह देते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद चंडीतला और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

तृणमूल कार्यकर्ताओं के धरने और विरोध प्रदर्शन के चलते क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।

यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के आरोप में छह गिरफ्तार, घटना के खिलाफ TMC का विरोध प्रदर्शन