अधीर रंजन चौधरी का गंभीर आरोप- पीएम मोदी की दलाली कर रही हैं ममता बनर्जी
अधीर रंजन चौधरी ने कहा- विपक्ष को कमजोर करने की हो रही है साजिश। विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस ने बंगाल में अपनी रणनीति को साफ रखा था। पार्टी की ओर से कोई खास प्रचार नहीं हुआ और फायदा तृणमूल कांग्रेस को मिला।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व लोकसभा में संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाने के साथ लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर ममता के शुरू किए गए अभियान पर भी सवाल खड़ा कर दिया।
उन्होंने कहा कि ममता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दलाली कर रही हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस ने बंगाल में अपनी रणनीति को साफ रखा था। पार्टी की ओर से कोई खास प्रचार नहीं हुआ और फायदा तृणमूल कांग्रेस को मिला।
बंगाल की जीत के बाद ममता बनर्जी ने राष्ट्रीय राजनीति तेज कर दी है। देशव्यापी गठबंधन बनाना शुरू किया है। इस गठबंधन के लिए वे नवीन पटनायक से लेकर चंद्रबाबू नायडू और अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव से लेकर शरद पवार तक से संपर्क कर चुकी हैं। वहीं, उत्तर-पूर्व में उनका कांग्रेस को तोड़ने का अभियान जारी है। गोवा में भी ममता ने कांग्रेस को ही नुकसान पहुंचाया है। इसके बाद कांग्रेस की ओर से करारी प्रतिक्रिया सामने आई है। विपक्षी दलों के बीच अब दो ध्रुव बनता दिख रहा है। एक का नेतृत्व कांग्रेस करती नजर आ रही है, जिसको हाल के चुनावों में हार मिली है। वहीं, दूसरे ध्रुव पर पीएम मोदी की रणनीति को तोड़ने वाली ममता हैं।
कांग्रेस अपने सहयोगियों को अब सीधा संदेश दे रही है, जो साथ में हैं, वे ममता की तरफ नहीं जा सकते। अधीर का बयान इसी को प्रमाणित कर रहा है। अधीर ने लोकसभा चुनाव 2024 में तृणमूल कांग्रेस के देश में खेला होबे के नारे पर करारा वार किया है। उन्होंने कहा कि ममता सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं। वह विपक्ष को कमजोर करने के लिए सब कुछ कर रही है, क्योंकि अपने भतीजे की रक्षा के लिए उनको मोदी जी को खुश करना जरूरी है।
अधीर से जब पूछा गया कि ममता ने कहा है कि वो 2024 में भाजपा को हारते हुए देखना चाहती हैं तो उन्होंने कहा कि ये उन्होंने नई नौटंकी शुरू की है। वह सीधे तौर पर मोदी जी की दलाली कर रही हैं और इससे ज्यादा क्या कहूं। मोदी जी खुश होंगे तो ममता जी सत्ता में बनी रहेंगी। सबकुछ जानते हुए, समझते हुए इनकी मोदी जी के खिलाफ आवाज बंद हो गई है।
आरएसएस कर रहा ममता की तारीफ
चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) ने भी ममता की तरह-तरह से तारीफ शुरू कर दी है। संघ की एक मैगजीन में उनकी तारीफ में काफी बातें कही गई है। भाजपा का कोई भी बड़ा नेता अब ममता के खिलाफ नहीं बोल रहा है। सत्ता में मजबूती से बने रहने के लिए मोदी जी को खुश करने में लगी हैं।