बंगाल में ABVP का शक्ति प्रदर्शन: 20 नवंबर को छात्रों की 'कोलकाता चलो' रैली, 20 हजार छात्रों के जुटने की उम्मीद
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने 20 नवंबर को कोलकाता में 'कोलकाता चलो' रैली आयोजित करने की घोषणा की है, ...और पढ़ें

एबीवीपी ने 20 नवंबर को कोलकाता चलो रैली की घोषणा की
HighLights
20 नवंबर को कोलकाता में 'कोलकाता चलो' रैली।
20 हजार से अधिक छात्र होंगे शामिल, लोकतंत्र रक्षा पर जोर।
विपक्षी समूहों द्वारा अस्थिरता फैलाने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने 20 नवंबर को कोलकाता में ‘कोलकाता चलो’ रैली आयोजित करने की घोषणा की है।
संगठन का दावा है कि दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों से 20 हजार से अधिक विद्यार्थी इस रैली में शामिल होंगे। मंगलवार को कोलकाता स्थित एबीवीपी के बंगाल प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने इसकी जानकारी दी।
एबीवीपी ने रैली के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का आह्वान किया है। संगठन का आरोप है कि कुछ विपक्षी समूह राजनीतिक हित साधने के लिए देश में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
एबीवीपी के दक्षिण बंगाल के प्रदेश मंत्री नीलकंठ भट्टाचार्य ने कहा कि वामपंथी और कांग्रेस समेत कुछ संगठन अपने राजनीतिक हितों के लिए देश को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए अस्थिरता और अराजकता पैदा करने की प्रवृत्ति समाप्त होनी चाहिए।
विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर रहेगा जोर
भट्टाचार्य ने दावा किया कि देश के युवा, विशेषकर जेन-जी पीढ़ी, लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक और जिम्मेदार है। उनके अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों में छात्रसंघ चुनावों के परिणाम और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी इसका संकेत हैं।
उन्होंने कहा कि ‘कोलकाता चलो’ अभियान का उद्देश्य अराजकता समाप्त करने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विद्यार्थियों को एकजुट करना है। रैली में विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता और स्वस्थ सामाजिक वातावरण बनाए रखने जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।
एबीवीपी ने दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों के हजारों विद्यार्थियों से 20 नवंबर को कोलकाता पहुंचकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है। संवाददाता सम्मेलन में एबीवीपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अरविंद वाजपेयी और कोलकाता महानगर के मंत्री स्वाधीन हालदार भी उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।