बंगाल: अभिषेक बनर्जी के विवादित वीडियो पर लालबाजार में शिकायत दर्ज, हिंदू महासभा ने की जांच की मांग
कोलकाता पुलिस के साइबर सेल में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ एक विवादित वीडियो जारी करने के मामले में शिकायत दर्ज की गई है।

अभिषेक बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज (फाइल फोटो)
HighLights
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ विवादित वीडियो पर शिकायत दर्ज हुई।
हिंदू महासभा ने पुलिस की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया।
शिकायत में निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। विवादित वीडियो जारी करने के मामले में ममता आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ अब लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है। अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने यह शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, फर्जी वीडियो के जरिए राज्य पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है। उन्होंने वीडियो को पूरी तरह फर्जी बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग की है।
गौरतलब है कि अभिषेक ने शनिवार को नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन कर कुछ वीडियो जारी किए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य पुलिस के कर्मी ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (डीटीसी) के पक्ष में चुनाव आयोग को सौंपने के लिए हलफनामे तैयार कर रहे थे।
अभिषेक द्वारा जारी एक वीडियो में पूर्व बर्द्धमान जिले के कालना थाने का लोगो भी दिखाई दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने वीडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से इसे तैयार किए जाने की आशंका जताई थी।
उन्होंने मामले की विस्तृत जांच और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद कालना थाने की पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर अभिषेक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल के दोनों गुटों के बीच मूल पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न 'घास-फूल' पर अधिकार को लेकर चुनाव आयोग में विवाद चल रहा है। हालांकि जारी वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है। लालबाजार में दर्ज कराई गई शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।