'बंगाल में भाजपा हारी तो शुभेंदु अधिकारी सबसे पहले छोड़ेंगे पार्टी'; अभिषेक बनर्जी ने साधा निशाना
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि अगर पांच साल बाद बंगाल में भाजपा सत्ता खोती है, तो शुभेंदु अधिकारी पार्टी छोड़ने वाले पहले व्यक्ति होंगे।

अभिषेक बनर्जी ने सीएम शुभेंदु पर साधा निशाना

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव व डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया है कि अगर पांच साल बाद बंगाल में भाजपा सत्ता में नहीं रहती है, तो पार्टी छोड़ने वाले पहले व्यक्ति मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि दिसंबर 2020 में तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु को एक हलफनामा देकर यह घोषणा करनी चाहिए कि वह जीवनभर भगवा दल में ही रहेंगे। अभिषेक ने आरोप लगाया कि विपक्ष में रहते हुए शुभेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार की मदद से तृणमूल के खिलाफ सीबीआई, ईडी और एनआईए का गलत इस्तेमाल किया था।
तृणमूल सांसद ने कहा कि हमारे पास ऐसी कोई संस्था नहीं है, लेकिन हम झुके नहीं हैं क्योंकि हम सच्चे बंगाली हैं। दिल्ली के पालतू कुत्ते की तरह रहने के बजाय रायल बंगाल टाइगर की तरह रहना कहीं अधिक सम्मानजनक है।
यहां संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के कई सांसदों और विधायकों को दूसरी पार्टियों में शामिल होने के लिए डराने के बावजूद मुख्यमंत्री ‘तृणमूल फोबिया’ से पीड़ित हैं।
अभिषेक ने दावा किया कि मुख्यमंत्री अपने सार्वजनिक भाषणों में ज्यादातर उनके बारे में ही बात करते हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल बाद आपकी (अधिकारी की) उम्र 61 साल होगी, जबकि मेरी उम्र 43-44 साल होगी। आपकी ताकत घटेगी, जबकि मेरी बढ़ेगी।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी 12 वर्षीय बेटी को दुष्कर्म की धमकी दी गई और उनकी पार्टी के कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई। अभिषेक ने मुख्यमंत्री की उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 71 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उम्र बढ़ने के कारण आराम करने की सलाह दी थी, उन्होंने दावा किया कि ऐसा करके अधिकारी ने वास्तव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा है, जिनकी उम्र 76 वर्ष है।
अभिषेक ने कहा कि हो सकता है कि दिल्ली के कुछ नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री की उम्र को लेकर निशाना साधने के लिए उकसाया हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।