बंगाल: डीजे टिप्पणी मामले में अभिषेक की अंतरिम सुरक्षा खत्म, राहत के लिए फिर पहुंचे हाई कोर्ट
ममता तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की डीजे टिप्पणी मामले में मिली अंतरिम कानूनी सुरक्षा अवधि समाप्त हो गई है।

अभिषेक बनर्जी की डीजे टिप्पणी मामले में अंतरिम सुरक्षा खत्म

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। ममता तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी को डीजे टिप्पणी मामले में मिली अंतरिम कानूनी सुरक्षा की अवधि समाप्त हो गई है। गिरफ्तारी की आशंका से राहत जारी रखने के लिए उन्होंने एक बार फिर कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
सोमवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ में उनके अधिवक्ता सब्यसाची बंद्योपाध्याय ने मामले का उल्लेख किया। हालांकि, सुरक्षा अवधि समाप्त होने के बाद अदालत का ध्यान इस ओर दिलाए जाने पर न्यायाधीश ने नाराजगी जताई।
21 मई को मिली थी पहली राहत
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान डीजे बजाने को लेकर अभिषेक की टिप्पणी से यह विवाद शुरू हुआ था। उन पर कथित तौर पर उकसावे वाली टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया गया था। इसकी जांच सीआइडी कर रही है।
गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए अभिषेक ने पहले भी हाई कोर्ट का रुख किया था। गत 21 मई को अदालत ने उन्हें छह नवंबर तक अंतरिम रक्षाकवच प्रदान किया था। साथ ही जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया था।
अधिवक्ता की दलील पर 20 को सुनवाई
अंतरिम सुरक्षा की अवधि समाप्त होने के 10 दिन बाद अभिषेक की ओर से अवधि बढ़ाने की अर्जी दी गई। सोमवार को सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने पूछा कि अदालत को पहले इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। इस पर अधिवक्ता ने बताया कि कई अन्य मुकदमों में व्यस्तता के कारण अनजाने में इस मामले पर ध्यान नहीं जा सका।
न्यायाधीश ने पहले दिसंबर या अगले वर्ष जनवरी में सुनवाई करने की बात कही, लेकिन अधिवक्ता के बार-बार अनुरोध पर शुक्रवार को सुनवाई के लिए सहमति दे दी। अब शुक्रवार को तय होगा कि अभिषेक को इस मामले में दोबारा अंतरिम सुरक्षा मिलती है या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।