'चुनाव आयोग तय कर रहा है हार-जीत', सीएम शुभेंदु की चुनौती पर अभिषेक बनर्जी का पलटवार
शुभेंदु अधिकारी की चुनावी चुनौती पर अभिषेक बनर्जी ने तीखा पलटवार करते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और डायमंड हार्बर से ही चुनाव लड़ने की बात कही।

सीएम शुभेंदु की चुनौती पर अभिषेक बनर्जी का पलटवार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की चुनावी चुनौती पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बाद अब चुनाव आयोग में कोई नया ज्योतिषी बैठा है, जो पहले से ही उनकी हार का अंतर बता रहा है?
अभिषेक ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने अवसर दिया तो वह आगामी चुनाव में भी डायमंड हार्बर से ही उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा कि जनता बैलेट के जरिए साबित करेगी कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत किसकी है।
दरअसल, शुक्रवार को दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर स्थित न्यू इंडियन मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने अभिषेक को चुनावी मैदान में हराने की खुली चुनौती दी थी। उन्होंने दावा किया था कि आने वाले समय में राज्य के सभी नगर निकाय चुनावों में कमल खिलेगा।
अभिषेक पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि डायमंड हार्बर के सांसद अपने क्षेत्र में दिखाई नहीं देते। शुभेंदु ने यह भी कहा कि अभिषेक सात लाख वोटों से जीते थे, लेकिन चुनाव के बाद पिछले छह महीनों से क्षेत्र में उनकी मौजूदगी नहीं दिखी।
इसके जवाब में अभिषेक ने कहा कि शुभेंदु उन्हें जितने वोटों से जीत मिली थी, उतने ही वोटों से हराने की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनाव आयोग के पास पहले से ही हार-जीत का हिसाब पहुंचा दिया गया है?
अभिषेक ने चुनौती देते हुए कहा कि कुछ महीने इंतजार करना होगा। जनता बैलेट के माध्यम से बताएगी कि चुनाव आयोग और सरकारी ताकत बड़ी है या आम लोगों की लोकतांत्रिक शक्ति।
इस बयानबाजी की पृष्ठभूमि में अभिषेक के निजी सहायक सुमित राय की गिरफ्तारी भी है। अभिषेक ने आरोप लगाया था कि उन्हें झूठे मामले में ढाई महीने से अधिक समय से हिरासत में रखा गया है और कुछ पुलिस अधिकारियों को इस कार्रवाई के लिए पुरस्कृत करने का प्रलोभन दिया गया। शुभेंदु ने पलटवार करते हुए दावा किया था कि पूछताछ में सुमित ने कथित वसूली से जुड़े राज खोल दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।