नीट विवाद पर अभिषेक बनर्जी ने सेलिब्रिटीज की चुप्पी पर उठाए सवाल, युवाओं से कहा-सोचें किसे दें समर्थन
अभिषेक बनर्जी ने नीट-यूजी पेपर लीक विवाद पर सेलिब्रिटीज की चुप्पी पर सवाल उठाया है। उन्होंने युवाओं से अपील की ...और पढ़ें

नीट विवाद में सेलिब्रिटीज की चुप्पी पर अभिषेक ने उठाए सवाल
HighLights
अभिषेक बनर्जी ने नीट-यूजी विवाद पर सेलिब्रिटीज की चुप्पी पर सवाल उठाया।
युवाओं से अपील, सार्वजनिक हस्तियों को समर्थन देने से पहले सोचें।
जनता के साथ खड़े होने वाले सार्वजनिक हस्तियों को ही समर्थन दें।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता : नीट-यूजी पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में हुए छात्र आंदोलनों के बीच तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कई सेलिब्रिटीज, इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, खेल और फिल्म जगत की हस्तियों की चुप्पी पर सवाल उठाया है।
उन्होंने रविवार को युवाओं, खासकर मिलेनियल्स और जेनरेशन जेड से अपील की कि वे सार्वजनिक हस्तियों को समर्थन देने से पहले इस बात पर विचार करें कि मुश्किल समय में वे जनता और छात्रों के साथ खड़े होते हैं या नहीं।
अभिषेक ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कई सेलिब्रिटीज, इन्फ्लुएंसर्स, खेल हस्तियों और फिल्म सितारों ने छात्र आंदोलन के दौरान युवाओं और छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने के बजाय चुप रहना चुना। उन्होंने कहा कि यह चुप्पी डर, सावधानी या निजी हित के कारण हो सकती है, लेकिन इसका अपना संदेश है।
तृणमूल महासचिव ने युवाओं से अपील की कि अगली बार फिल्म या मैच का टिकट खरीदने अथवा किसी कंटेंट क्रिएटर की सदस्यता लेने से पहले वे खुद से सवाल करें कि क्या संबंधित व्यक्ति उनके मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता है और क्या वह उन लोगों के साथ खड़ा रहा है, जिनके समर्थन से उसे सफलता और लोकप्रियता मिली।
उन्होंने कहा कि किसी को फॉलो करना, किसी को लोकप्रिय बनाना और उसका समर्थन करना जनता की पसंद है। उनके अनुसार, सार्वजनिक हस्तियों को प्रसिद्धि दर्शकों से, प्रभाव जनता से और प्रासंगिकता युवाओं से मिलती है।
उन्होंने कहा कि जब इतिहास साहस की मांग करता है, तब चुप्पी तटस्थ नहीं होती, बल्कि यह भी एक विकल्प होता है। उनकी यह टिप्पणी नीट-यूजी 2026 परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक को लेकर देशभर में हुए छात्र प्रदर्शनों के बीच आई है। विवाद के बीच शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर भी सामने आई थी।
