बंगाल: जांच की जानकारी मीडिया में लीक होने पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे अभिषेक बनर्जी, रोक लगाने की मांग
अभिषेक बनर्जी ने जांच से जुड़ी गोपनीय जानकारी मीडिया में लीक होने और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।
-1793362032218_m.webp)
अभिषेक बनर्जी ने गोपनीय जानकारी लीक होने पर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। डायमंड हार्बर के तृणमूल सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने जांच से जुड़ी गोपनीय जानकारियां मीडिया में लीक होने और इससे अपनी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है।
उन्होंने शीर्ष अदालत से पुलिस और विभिन्न जांच एजेंसियों को ऐसी जानकारियां सार्वजनिक होने से रोकने का निर्देश देने की मांग की है।
उनका कहना है कि जांच के दौरान उनके निजी विवरण, पूछताछ और जांच की प्रगति से संबंधित सूचनाएं चुनिंदा मीडिया संस्थानों में प्रकाशित की जा रही हैं। इससे न केवल उनकी निजता और प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है, बल्कि जांच की निष्पक्षता पर भी असर पड़ सकता है।
हाई कोर्ट से नहीं मिली त्वरित सुनवाई
अभिषेक ने इससे पहले इसी मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। शुरुआत में न्यायमूर्ति कृष्ण राव की पीठ ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए उपयुक्त पीठ के समक्ष जाने की सलाह दी।
इसके बाद मामला न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ में पहुंचा, लेकिन वहां भी तत्काल सुनवाई से इन्कार कर दिया गया। अदालत ने कहा कि मामले की सुनवाई निर्धारित सूची के अनुसार होगी। इसके बाद अभिषेक ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की।
मीडिया में जानकारी प्रकाशित होने पर रोक की मांग
याचिका में मांग की गई है कि पुलिस और जांच एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाए कि जांच से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी बाहर न आए।
वैकल्पिक रूप से अदालत मीडिया को ऐसे समाचार प्रकाशित करने से रोकने का निर्देश दे, जिनसे जांच प्रभावित होने या उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका हो।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद विभिन्न मामलों में पुलिस और जांच एजेंसियों ने अभिषेक को पूछताछ के लिए कई बार तलब किया है। वह भवानी भवन और संबंधित थानों में भी उपस्थित हुए हैं।
उनका आरोप है कि इन पूछताछ और पेशी से जुड़ी गोपनीय जानकारियां भी सार्वजनिक की जा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।