पश्चिम बंगाल की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, दादानपात्रबार में बनेगा समुद्र बंदरगाह; 5000 रोजगार की उम्मीद
दादानपात्रबार में गहरे समुद्र बंदरगाह बनाने की महत्वाकांक्षी परियोजना आगे बढ़ रही है, जिसमें केंद्रीय उपक्रम राइट्स की निगरानी में प्रारंभिक सर्वेक्षण शुरू हो गया है।

दादानपात्रबार में गहरे समुद्र बंदरगाह की तैयारी।
HighLights
दादानपात्रबार में गहरे समुद्र बंदरगाह परियोजना का सर्वेक्षण शुरू
राइट्स और आईआईटी खड़गपुर तकनीकी व्यवहार्यता जांच रहे हैं
परियोजना से 5000 रोजगार और समुद्री व्यापार में वृद्धि की उम्मीद
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। समुद्र के रास्ते बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देने की दिशा में दादानपात्रबार में गहरे समुद्र बंदरगाह बनाने की महत्वाकांक्षी परियोजना आगे बढ़ती दिख रही है।
केंद्रीय उपक्रम राइट्स (आरआइटीईएस) की निगरानी में संबंधित क्षेत्र में जमीन का निरीक्षण और प्रारंभिक सर्वेक्षण शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इसे परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, निर्माण शुरू होने और बंदरगाह के चालू होने की समयसीमा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
दरअसल, राज्य सरकार ने पहले पूर्व मेदिनीपुर के ताजपुर में गहरे समुद्र बंदरगाह बनाने की योजना तैयार की थी। हालांकि, जमीन की उपलब्धता से जुड़ी अड़चनों के कारण जून 2026 में इसके लिए दादानपात्रबार को नए स्थान के रूप में चुना गया। यह इलाका मंदारमणि के समीप और ताजपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। राज्य सरकार के अनुसार, यहां करीब 1,700 एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध है।
तकनीकी व्यवहार्यता की हो रही जांच
बंदरगाह निर्माण से पहले संबंधित क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, समुद्र की गहराई, जमीन की गुणवत्ता और तकनीकी अनुकूलता का आकलन जरूरी है। इसके लिए आइआइटी खड़गपुर को समुद्र की गहराई मापने और तकनीकी सर्वेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, राइट्स ने अपतटीय और तटीय भू-तकनीकी जांच के लिए एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई है। इन जांचों के आधार पर परियोजना की व्यवहार्यता और आगे की कार्ययोजना तय होगी।
पांच हजार रोजगार के अवसरों की उम्मीद
गहरे समुद्र बंदरगाह विकसित होने से बंगाल में समुद्री व्यापार और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इसके साथ ही भंडारण, परिवहन और लाजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी नई गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। परियोजना से करीब पांच हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान जताया गया है।
इससे पूर्व मेदिनीपुर के साथ आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है। हालांकि, परियोजना के लिए कुल निवेश, निर्माण की समयसीमा और परिचालन शुरू होने की तारीख को लेकर अभी अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में तकनीकी सर्वेक्षण के नतीजे इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।