बंगाल में फर्जी आधार-पैन बनाकर रह रहे आठ बांग्लादेशी गिरफ्तार, ई-राशन कार्ड भी बरामद
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में आठ बांग्लादेशी नागरिकों को फर्जी दस्तावेजों के साथ अवैध रूप से रहते ...और पढ़ें

बंगाल से आठ बांग्लादेशी गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
उत्तर 24 परगना में आठ बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार।
फर्जी आधार, पैन, ई-राशन कार्ड बरामद हुए।
आश्रय देने वाले एक व्यक्ति को भी पकड़ा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निमता थाना क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तृणमूल शासन के दौरान उन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारत में रहना शुरू किया था।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम सुमन गाइन, बहारुल मंडल, अब्दुल रहमान सरदार, रियाज मंडल, इलिश सरदार, जाहारा बीबी, अनोवारा बीबी, सुमी बीबी हैं। आरोपितों को आश्रय देने के आरोप में शाहिदुल इस्लाम नामक एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ई-राशन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, बैंक के डेबिट और क्रेडिट कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही बांग्लादेश के जन्म प्रमाणपत्र भी मिले हैं। बरामद दस्तावेज असली हैं या जाली, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने 22,910 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार को निमता थाना पुलिस गश्त के दौरान गोलबागान बाजार इलाके में सुमन गाइन नामक एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में घूमते देख हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेशी नागरिक बताया। इसके बाद उससे पूछताछ के आधार पर इलाके में एक किराये के मकान में तलाशी अभियान चलाया गया। जहां से अन्य बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांचकर्ताओं का दावा है कि गिरफ्तार लोग घुसपैठियों के लिए फर्जी भारतीय पहचान पत्र तैयार कराने के गिरोह से जुड़े थे। वैध दस्तावेजों के बिना भारत में प्रवेश और रहने के आरोप में इमिग्रेशन एंड फारेनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज कहां से बनवाए गए और इस काम में किन लोगों ने उनकी मदद की।
