West Bengal Accident: मुर्शिदाबाद के फरक्का में भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत, 12 जख्मी
West Bengal Accident मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का में शनिवार तड़के हुई एक भयावह सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई जबकि 12 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। West Bengal Accident: मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का में शनिवार तड़के हुई एक भयावह सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई जबकि 12 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें कई की हालत नाजुक है।
जानकारी के मुताबिक फरक्का के एनटीपीसी चौराहे पर सुबह 5 बजे यात्री बस तथा तेल टैंकर में भीषण टक्कर हो गई। बताया गया है कि बस सिलीगुड़ी से यात्रियों को लेकर मुर्शिदाबाद आ रही थी, वहीं दूसरी तरफ एक तेल टैंकर कोलकाता से असम की ओर जा रहा था।
एनटीपीसी चौराहे पर दोनों में भीषण टक्कर हो गई। पता चला है कि जब हादसा हुआ तब सभी यात्री सो रहे थे। घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई जिनमें बस तथा तेल टैंकर के चालक तथा 1 यात्री शामिल थे। बाद में अस्पताल ले जाने पर 4 और यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में 12 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए इनमें पांच की हालत नाजुक है। इनमें किसी का हाथ टूट गया है तो किसी का पैर।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग पहुंच गए तथा मदद करने में जुट गए। इसके तुरंत बाद ही दमकल के कर्मचारी तथा पुलिस कर्मी भी पहुंच गए। बस की खिड़की काटकर यात्रियों को निकाला गया। घायल लोगों को जंगीपुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें कई की हालत नाजुक है।
पुलिस का कहना मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है। हालांकि इस घटना को लेकर 34 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित नहीं हुआ है। घटना कैसेे घटी इसकी जांच की जा रही है लेकिन प्राथमिक अनुमान है कि दोनों वाहन तेज गति मेंं थे तथा नियंत्रण खोकर आपस में टकरा गए। यह भी जांच की जा रही है कि चालक कहीं सोए तो नहीं थे। मृत लोगों की पहचान की जा रही है।