विधाननगर में डकैती की साजिश विफल, तीन गिरफ्तार
विधाननगर दक्षिण थानांतर्गत फाल्गुनी इलाके में डकैती की साजिश को विफल करते हुए पुलिस ने तीन डकैतों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : विधाननगर दक्षिण थानांतर्गत फाल्गुनी इलाके में डकैती की साजिश को विफल करते हुए पुलिस ने तीन डकैतों को गिरफ्तार किया है। तीनों दत्ताबाग इलाके के रहने वाले हैं। उनके पास से चाकू, भुजाली, हथौड़ा, लोहे की रॉड आदि बरामद किए गए। मौके पर छह और डकैत थे, जो भागने में सफल रहे। पुलिस तीनों से पूछताछ कर उनके फरार साथियों का पता लगाने में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विधाननगर पुलिस को शुक्रवार रात फाल्गुनी इलाके में एक दर्जन डकैतों के एकत्र होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस के गश्ती दल ने इलाके में छापामारी की। वहां एक झोपड़ी में नौ युवकों को देखकर पुलिस को संदेह हुआ। उनकी गतिविधियां संदिग्ध देख पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस के पास आने के बजाय सभी भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और तीन को दबोच लिया। बाकी के छह भागने में सफल रहे। उनकी तलाश शुरू की गई है।