केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधरी को भी करना पड़ा विरोध का सामना
जागरण संवाददाता कोलकाता केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो की तरह केंद्रीय महिला व बाल विक
जागरण संवाददाता, कोलकाता : केंद्रीय राज्यमंत्री बाबुल सुप्रियो की तरह केंद्रीय महिला व बाल विकास राज्यमंत्री देवश्री चौधरी को भी दक्षिण 24 परगना जिले में विरोध का सामना करना पड़ा। वे शुक्रवार को चक्रवात 'बुलबुल' से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए गोसाबा पहुंची थीं। उन्हें देखते ही कुछ तृणमूल कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को लक्ष्य कर 'गो बैक' के नारे लगाए। विरोध-प्रदर्शन में केंद्रीय मंत्री के साथ कई भाजपा नेता भी फंसे रहे। आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के लिए बने मंच को भी तोड़ दिया। उनपर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को मारने-पीटने का भी आरोप है। इस दिन केंद्रीय राज्यमंत्री स्टीमर से इलाकों का निरीक्षण कर रहीं थीं। उनके गोसाबा घाट पर उतरने के पहले ही सत्तारूढ़ दल के लोगों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बुधवार को क्षतिग्रस्त इलाकों का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो को भी विरोध का सामना करना पड़ा था। शुक्रवार को देवश्री चौधरी के साथ उस घटना की पुनरावृत्ति हुई।
इस बारे में चौधरी ने कहा कि वे चक्रवात के बाद जमीनी हालात मालूम करने के लिए जिले में आई थीं। गोसाबा पहुंचने के कुछ ही देर बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उनका काफिला रोक दिया और 'गो बैक' के नारे लगाए। सूत्रों के अनुसार प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया।