फोटो-17 -हालीशहर में युवक की गोली मारकर हत्या
संवाद सूत्र बैरकपुर हालीशहर के पानबस्ती अंचल में विजयदशमी के तड़के सजायाफ्त मुजरिम पिंटू
संवाद सूत्र, बैरकपुर : हालीशहर के पानबस्ती अंचल में विजयदशमी के तड़के सजायाफ्त मुजरिम पिंटू शर्मा उर्फ काना पिंटू ने तृणमूल कार्यकर्ता राजू कुर्मी (29) की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि पल्टू कर्मकार नाम का उसका दोस्त गोली लगने से घायल हो गया।
बुधवार तड़के गोली चलने की आवाज से इलाके में खलबली मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी बीजपुर थाने की पुलिस को देने के बाद दोनों को लेकर कल्याणी के जेएनएम अस्पताल में गए, जहा चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घायल युवक की बाइक लेकर फरार हो गया। उसके खिलाफ थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार काचरापाड़ा के भूतबगान रेलवे क्वार्टर में राजू कुर्मी पिता श्यामलाल कुर्मी व बड़े भाई जितेन कुर्मी के संग रहता था। पेशे से वह मजदूरी करता था। उसकी पत्नी उसे छोड़कर अलग रहती है। वह शराब भी पीता था तथा असामाजिक लोगों में उसकी पैठ थी। उसके बड़े भाई जितेन कुर्मी का कहना है कि पुरानी दुश्मनी की वजह से पिंटू ने उसके भाई की हत्या की है। जांच में पता चला है कि रेल कारखाना के बाउंड्री से सटे छईगादा के शराब के अड्डे पर दोनों के बीच किसी मुद्दे को लेकर झड़प हुई थी। संभवत: इसी वजह से उसकी हत्या की गई है जबकि बीजपुर की तृणमूल नेत्री आलोरानी सरकार का कहना है कि राजू तृणमूल कार्यकर्ता था। उसकी हत्या के पीछे भाजपा का हाथ होने की उम्मीद है। अत: पुलिस पूरे समस्त पहलुओं को ध्यान में रखकर जाच करे। हालांकि भाजपा ने इस हत्या को तृणमूल के गुटबाजी का नतीजा बताया है।