हिसा-मुक्त बंगाल के लिए जदयू ने निकाली पदयात्रा
जनता दल (युनाइटेड) की ओर से शनिवार को महानगर में शांति संहति पदयात्रा निकाली गई।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जनता दल (युनाइटेड) की ओर से शनिवार को महानगर में 'शांति संहति पदयात्रा' निकाली गई। हिसा, भय, शराब एवं भ्रष्टाचार से मुक्त पश्चिम बंगाल के निर्माण के उद्देश्य के साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक दास के नेतृत्व में यह पदयात्रा सुबोध मल्लिक स्क्वायर से शुरू हुई जो एसएन बनर्जी रोड से होते हुए रानी रासमणि एवेन्यू पहुंची। इसमें शामिल जदयू नेता एवं कार्यकर्ता बैनर लिए हुए थे। इस दिन महानगर के साथ ही राज्य के विभिन्न इलाकों से दल के प्रतिनिधि पहुंचे थे। पदयात्रा में सुभाष सिंह, डॉ. सुपर्ण सरकार, कृष्ण प्रसाद सेन, राम वचन, राजकुमार पासवान, भूषण सोनी, दुखू राउत, बापी, सिद्धिनाथ प्रसाद, उदयभान पाठक, अमरजीत फूलमाली, हन्नान शेख सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे। जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष अशोक दास ने बताया कि उक्त उद्देश्य को लेकर पार्टी की तरफ से राज्यभर में आदोलन चलाया जा रहा है। धीरे-धीरे इसमें तेजी आ रही है। लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसके साथ ही आंदोलन को भी गति मिल रही है।