104 नॉट आउट, फिर भी मताधिकार को लेकर सचेत
-मुर्शिदाबाद जिले में सबसे प्रवीण वोटर हैं वीणापाणि मंडल जीवन में 18 मर्तबा कर चुकी हैं मता
-मुर्शिदाबाद जिले में सबसे प्रवीण वोटर हैं वीणापाणि मंडल, जीवन में 18 मर्तबा कर चुकी हैं मताधिकार का प्रयोग
-बहरमपुर लोकसभा में 1,47,458 लाख वृद्ध वोटर चिन्हित, आज बूथों तक पहुंचाएगा प्रशासन दीपक भट्टाचार्य, बहरमपुर : दिल्ली हो या फिर बंगाल की गद्दी। अपने जीवन में कई सरकारों को बनते बिगड़ते देखा। मगर हमेशा की तरह इस दफा भी अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर सचेत हैं 104 वर्षीय वीणापाणि मंडल। चुनाव होने का नाम सुनते ही उत्साह में लबरेज वीणापाणि अपने जीवन में 18 मर्तबा मतदान कर चुकी हैं। कमर झुकने के बावजूद इस दफा भी मतदान करने के लिए काफी व्याकुल हैं। आज पहली स्याही उनकी उंगली पर ही लगेगी। जिला प्रशासन ने भी सोमवार को अपने सबसे प्रवीण वोटर वीणापाणि को बूथ तक ले जाने की व्यवस्था की है। बहरमपुर लोकसभा क्षेत्र के शक्तिपुर थाना अंतर्गत सोमपाड़ा 2 नंबर ग्राम पंचायत के पांचकटिया गांव निवासी वीणापाणि मंडल का जन्म 2 जनवरी 1915 में हुआ था। वर्तमान में उनकी आयु 104 वर्ष है। उन्होंने अपने जीवन में बहुत उतार चढ़ाव देखे हैं। अपने पति और बेटे को भी खोया है। वृद्ध अवस्था में वह ससुराल छोड़कर पांचकटिया गांव में आकर रहने लगी थीं। अंतिम पड़ाव में भतीजा भास्कर मंडल ही उनका एकमात्र सहारा है। शरीर झुक जाने के बावजूद चुनाव को लेकर उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। यही वजह है कि वह अपने अधिकार के प्रयोग को लेकर आज भी सचेत हैं। इस दफा भी वह बूथ में जाकर मतदान करेंगी। लड़खड़ाती आवाज में वीणापाणि ने बताया कि अपने जीवन में वह 18 मर्तबा मतदान कर चुकी हैं। उनके अनुसार पहले चुनावों में इतनी मारकाट नहीं होती थी। लेकिन अब चुनाव आते ही बमबाजी और गोलीबारी की आवाजें आने लगती हैं। कहा कि हो सकता है यह मतदान उनके लिए आखिरी हो मगर चुनावों में हिंसा बंद होनी चाहिए। सभी तो मां की संतान हैं। हिंसा में किसी न किसी मां की गोद ही खाली हो जाती है जिसका दर्द सिर्फ मां को ही पता होता है, इसलिए आपसी मेलमिलाप से चुनाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकारी है, इसलिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए। भतीजे भास्कर के अनुसार वर्ष 2000 से ताई वीणापाणि उनके पास रह रही हैं। चुनाव होने की बात सुनकर वह काफी उत्साहित हैं। ताई ने बड़े प्यार से कहा है कि मुझे मतदान कराने जरूर लेकर जाना। उधर, जिला प्रशासन ने भी सबसे प्रवीण वोटर बीनापाणी को बूथ तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। मुर्शिदाबाद के जिला अधिकारी पी उल्गानाथन ने बताया कि बहरमपुर लोकसभा केंद्र में 1,47,458 लाख वृद्ध वोटरों को चिन्हित किया गया है। सभी को मतदान के लिए बूथों पर ले जाने की व्यवस्था की गई है।