जल संरक्षण पर मेदिनीपुर में निकाली पदयात्रा
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर नगरपालिका के वार्ड-14 अंतर्गत पट
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर नगरपालिका के वार्ड-14 अंतर्गत पटना बाजार से रविवार को जल संरक्षण को ले पदयात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुईं। पूर्व सैनिक बरुण बोस ने कहा कि जंगल महल में कायदे से रविवार से हल्की बारिश शुरू हुई है। इससे गिरने वाले पानी को रोकने की व्यवस्था करनी चाहिए, क्योंकि भूगर्भ में जल रहने पर ही आवश्यकता के समय वह हमें मिल पाएगा। पानी की कमी आज वैश्विक चुनौती बन चुकी है। दुनिया के कई देश इसकी चपेट में हैं। भारत में चेन्नई समेत कई महानगर पानी की भयंकर कमी से जूझ रहे हैं। क्या पता आने वाले दिनों में ग्रामांचल भी इसकी चपेट में आ जाए। इसलिए हमें समय रहते सचेत होना पड़ेगा। अन्यथा स्थिति विस्फोटक हो सकती है। हमें स्कूलों में अभियान चलाना होगा। हर नागरिक को जल संरक्षण का प्रशिक्षण देना होगा। तभी जल संरक्षण संभव हो सकेगा।