युवती से बदसलूकी पर ग्रामीण हुए उग्र
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के माझीपाड़
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के माझीपाड़ा में युवती से बदसलूकी की घटना से खासा तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित लोगों ने सादतपुर चौकी के समक्ष प्रदर्शन करने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-6 पर कुछ देर तक जाम भी लगाया। पुलिस द्वारा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के केसरचक की रहने वाली युवती रविवार की शाम सड़क से गुजर रही थी। आरोप है कि उसी दौरान बाइक पर आए तीन युवक उसका बैग छीनकर फरार हो गए। युवती बैग की तलाश में माझीपाड़ा तक गई, लेकिन आरोपियों ने बैग लौटाने के बजाय उसके साथ बदसलूकी की और उसे उठा कर ले जाने की भी कोशिश की। जानकारी होने पर आसपास के इलाकों में तनाव व्याप्त हो गया। सोमवार की सुबह 9 से 10 बजे के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने सादतपुर चौकी के समक्ष जमायत की और घटना की कड़े शब्दों में ¨नदा की। आक्रोशित लोगों ने कहा कि इस घटना से समुदाय विशेष की भावनाएं आहत हुई हैं। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। जिस तरह सरेराह बदमाशों ने एक युवती की इज्जत से खेलने की कोशिश की और बदसलूकी के साथ ही उसे उठा ले जाने तक की कोशिश की उससे लोग आहत हैं। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना होगा। अन्यथा बड़े पैमाने पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। पुलिस की ओर से सकारात्मक रुख नजर न आने पर आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या छह पर जाम भी लगाया। जिससे मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों का आवागमन ठप पड़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पहुंचे अधिकारियों के समझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए और प्रदर्शन खत्म किया।
=======================================
कुछ लड़कों द्वारा युवती के साथ बदसलूकी की जानकारी मिली है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस विभिन्न स्थानों पर छापामारी अभियान चला रही है। आलोक राजोरिया, जिला पुलिस अधीक्षक, पश्चिम मेदिनीपुर