बंगाल में अमित शाह की रैली के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़
Amit Shah. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा से लौटने के बाद कार्यकर्ताओं पर हमले की शिकायतें सामने आई हैं।
खड़गपुर, जेएनएन। पश्चिम बंगाल में पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत कांथी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा से लौटने के बाद कार्यकर्ताओं पर हमले की शिकायतें सामने आई हैं। वाहनों में तोड़फोड़ के चलते पांच भाजपा कार्यकर्ताओं के जख्मी होने की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम सभा से लौटने के बाद ही टीएमसी समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहनों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। इस घटना में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और पांच कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। एक स्थान पर बस जलाने की भी शिकायत मिली है।
भाजपा की कांथी संसदीय क्षेत्र अध्यक्ष तपन माईती ने कहा कि वाहनों में लगातार तोड़फोड़ की शिकायतें आ रही हैं। यह टीएमसी कार्यकर्ताओं की कारस्तानी है।
वहीं, टीएमसी जिलाध्यक्ष शिशिर अधिकारी ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी सदस्य इससे जुड़ा नहीं है। यह भाजपा की गुटबाजी का नतीजा हो सकता है। इधर, पुलिस अधिकारियों ने शिकायत नहीं मिलने की दलील देते हुए कुछ भी कहने से इनकार किया।
#WATCH West Bengal: Vehicles parked near Amit Shah's rally venue in East Midnapore, vandalized. BJP's Rahul Sinha has alleged that TMC is behind the attack. pic.twitter.com/N5lVGHjNT3— ANI (@ANI) January 29, 2019
ममता को चेतावनी
पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली स्थल के पास पार्टी कार्यकर्ताओं के वाहनों में तोड़फोड़ पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम ममता को चेतावनी देना चाहते हैं कि इस प्रकार भाजपा का कार्यकर्ता न डरने वाला है और न ही झुकने वाला है। ये ममता को बहुत मंहगा पड़ेगा, ये मैं कहना चाहता हूं।