भाजपा की विजय संकल्प यात्रा को लेकर तनाव
भाजपा की विजय संकल्प यात्रा को लेकर पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जि
जागरण न्यूज नेटवर्क, खड़गपुर : भाजपा की विजय संकल्प यात्रा को लेकर पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर जिले में उत्तेजना की स्थिति बनी रही। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में भाजपा ने गोल बाजार स्थित श्रीराम मंदिर से विशाल विजय संकल्प यात्रा निकाली, लेकिन पुलिस ने जामा मस्जिद रोड एवं गोल बाजार रोड पर बैरिकेड कर रैली को आगे जाने से रोक दिया।
पुलिस द्वारा रैली रोके जाने के बाद बाइक रैली में शामिल भाजपाई श्रीराम मंदिर रोड से ओल्ड सेटलमेंट धोबीघाट रोड होते हुए बड़ीबत्ती तक पहुंचे, लेकिन यहां भी पुलिस ने बेरीकेडिग कर रैली को आगे जाने की अनुमति नहीं दी। उसके बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता बड़ीबत्ती चौक पर धरने पर बैठ गए। लगभग 45 मिनट तक चले धरने को दोपहर 12 बजे समाप्त किया गया। रैली में जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रेमचंद्र झा के अलावा मंडल अध्यक्षों में अभिषेक अग्रवाल, पी. सोमनाथन, जयंत बनर्जी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन के साथ ही राज्य की टीएमसी सरकार की नीतियों को तानाशाही बताते हुए इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कही। मेदिनीपुर में जुलूस का नेतृत्व जिला भाजपा उपाध्यक्ष समित दास ने किया। जबरन जुलूस निकालने के आरोप में पुलिस ने आठ भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। समित दास ने कहा कि पार्टी के सात लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हमलोग दलीय समर्थकों की रिहाई के लिए पुलिस के साथ बातचीत कर रहे हैं। समाचार प्रेषण तक उन्हें नहीं छोड़ा गया था, जबकि भाजपा की शालबनी दक्षिण मंडल कमेटी की ओर से दावा किया गया गया कि कर्णगढ़ में निकाली गई बाइक रैली पूरी तरह से सफल रही। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सचिन मक्कड़ ने आठ लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात स्वीकारी। दूसरी ओर पूर्व मेदिनीपुर में भी पुलिस की सख्ती के कारण महिषादल, हल्दिया सहित अन्य कई स्थानों पर भाजपा अपनी विजय संकल्प यात्रा नहीं निकाल पाई।