लाठीचार्ज के खिलाफ एसयूसीआई का प्रदर्शन
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के कलेक्ट्रेट के समक्ष शुक्रवार
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के कलेक्ट्रेट के समक्ष शुक्रवार को एसयूसीआई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने कोलकाता में कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज का पुरजोर विरोध किया।
वक्ताओं में दीपक पात्र, दिलीप दास, नारायण अधिकारी आदि ने कहा कि राज्य के स्कूलों में पास-फेल प्रणाली फिर से शुरू करने की मांग पर गुरुवार को हमारे हजारों कार्यकर्ताओं ने कोलकाता के राजभवन के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज में 117 लोग घायल हो गए, जबकि पुलिस ने 164 लोगों को गिरफ्तार किया। यह अन्यायपूर्ण है, क्योंकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर किसी को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है। पास-फेल प्रणाली शुरू करने की मांग हम अरसे से कर रहे हैं। यह हमारी मुख्य मांग है। इस दौरान पुलिस का लाठी चार्ज करना पूर्णत: गलत है। इसी का विरोध करने के लिए शुक्रवार को मेदिनीपुर में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। मांगे न माने जाने पर बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। जिसकी जवाबदेही पूरी तरह से शासन और राज्य सरकार पर होगी। यह चेतावनी हमारी ओर से जारी की गई है।