दुष्कर्म व हत्या के विरोध में आवाज बुलंद
हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म व हत्या करने की जघन्य घटना के
जासं, खड़गपुर : हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म व हत्या करने की जघन्य घटना के विरोध में चहुं ओर आवाज से उठ रही है। इस घटना के विरोध में पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के वार्ड-17 में बुधवार की शाम को नागरिकों की ओर से प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया। खरीदा में घड़ी चौक के समक्ष आयोजित सभा में काफी तादाद में महिलाएं भी मौजूद रहीं।
सभा के पहले डॉ. प्रियंका रेड्डी की तस्वीर के सामने पुष्प अíपत व मोमबत्ती प्रज्जवलित श्रद्धांजलि दी गई। सभा में सीडब्ल्यूसी की सदस्य अनिदिता सूर, इलोरा ढल, जया सिंह, नरगिस परवीन, सुमन गोलच्छा, रिकू चटर्जी व मौसमी सरकार मौजूद रहीं। अपने वक्तव्य में महिलाओं ने कहा कि हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ दुष्कर्म व हत्या की इस जघन्य घटना की निदा करने के लिए उनके पास शब्द नहीं है। इसके पहले दिल्ली में भी निर्भया संग दुष्कर्म व हत्या की घटना सामने आई थी, लेकिन अभी तक आरोपितों को फांसी की सजा नहीं मिली। वक्ताओं ने कहा कि हमारे देश में न्याय प्रणाली में व्याप्त खामियों के कारण ही महिलाओं को समय से न्याय नहीं मिल पाता है। इसके लिए विशेषकर सभी महिलाओं को संगठित होकर जोरदार बुलंद करना होगा। अपराधियों को कड़ी सजा देने के साथ ही सामाजिक बहिष्कार भी किया जाना चाहिए। वार्ड 17 के सभासद देवाशीष चौधरी ने कहा कि आए दिन कहीं न कहीं किसी महिला व लड़कियों के साथ आपराधिक वारदात हो रही है। इसके खिलाफ अब सभी को मिलकर जनांदोलन को तेज करना होगा, ताकि सरकार सख्त कानून बनाएं। महिलाओं को खुद की रक्षा हेतु भी आगे आने की जरूरत है। इधर वार्ड-20 में भी बुधवार की शाम को नागरिकों की ओर से एक कैंडल मार्च निकाला गया। लोगों ने दुष्कर्म व हत्या के आरोपितों को मौत की सजा देने की मांग उठाई।