भाजपा समर्थक कर्मयोगियों ने किया प्रदर्शन
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर रेलवे स्टेशन में भाजपा समर्थक
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर रेलवे स्टेशन में भाजपा समर्थक कर्मयोगियों ने यात्रियों के बीच बासी खाने की बिक्री के लिए बाध्य करने का आरोप लगाते हुए विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का आयोजन भाजपा की पाक्सु मोर्चा की ओर से किया गया था। प्रदर्शन में भाजपा की मध्य मंडल कमेटी अध्यक्ष पी. सोमनाथन, उत्तर मंडल कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, पाक्सु मोर्चा के प्रभारी मनोज दे, विनोद यादव समेत काफी तादाद में कर्मयोगी शामिल हुए।
कर्मयोगियों के नेता मनोज दे ने कहा कि भाजपा समर्थक कर्मयोगियों पर विरोधी संगठनों के कुछ नेता व समर्थक अत्यचार कर रहे हैं। संबंधित ठेकेदार संस्था द्वारा कर्मयोगियों को रेल यात्रियों के बीच बासी खाने की आपूर्ति करने के लिए बाध्य किया जा रहा है। कर्मयोगियों के पास कोई परिचय पत्र भी नहीं है। नियमित रूप से हर माह वेतन न मिलने के कारण कर्मयोगी व परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर खाद्य सामग्री आपूर्ति करने वाली संस्था के सुपरवाइजर अमरजीत ने भी आरोप लगाया कि कई कर्मयोगी ही अपने घरों से ही खाद्य सामग्री लाकर यात्रियों के बीच बिक्री करते हैं। संस्था द्वारा केवल ताजे खाद्य सामग्रियों की बिक्री की जाती है। जांच-पड़ताल में यह सब साबित हो जाएगा। इधर खड़गपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक व जनसंपर्क अधिकारी कुलदीप तिवारी ने कहा कि संबंधित संस्था द्वारा यदि यात्रियों के बीच बासी खाने की आपूर्ति की जा रही है, तो यह गंभीर बात है। भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए रेलवे की ओर से तुरंत अभियान शुरू किया जाएगा।