श्रीहरदत्तात्रेय आश्रम में हुई कन्या पूजन
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के कौशल्या में स्थित श्री हर
जागरण संवाददाता, खड़गपुर :
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के कौशल्या में स्थित श्री हरदत्तात्रेय आश्रम में महानवमी के दिन हर वर्ष की तरह इस साल भी पूरे वैदिक विधानपूर्वक कन्या पूजन का आयोजन किया गया। पूजा समारोह देखने के लिए दूर-दूर से काफी तादाद में श्रद्धालु आश्रम में पहुंचे। आश्रम के प्रमुख स्वामी आनंद भैरव गिरि जी महाराज के नेतृत्व में नौ कन्याओं का नवदुर्गा के रूप में पूजन किया गया। इसके अलावा दो बालकों की भैरव रूप में पूजा भी की गई। पूजा के बाद आश्रम के साथ ही यहां आए श्रद्धालुओं ने भी पूजिता कन्याओं को यथाशक्ति दक्षिणा व उपहार सामग्री प्रदान किया। पूजा समारोह के बाद नवदुर्गा रूपी कन्याओं की आराधना करते हुए स्वामी आनंद भैरव गिरि ही महाराज ने समस्याओं से पीड़ति लोगों के दुखों का हवाला देते हुए मां दुर्गा से सर्वकल्याण की कामना की। पूजा समारोह के बाद सैकड़ों लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। आश्रम में लगातार तीसरी बार कन्या पूजन समारोह का आयोजन किया गया था। महासप्तमी से लेकर यहां आयोजित चार दिवसीय दुर्गोत्सव के क्रम में शुक्रवार की शाम को आश्रम परिसर में ही तालाब में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। स्वामी आनंद भैरव गिरि जी महाराज ने कहा कि कन्याएं मां दुर्गा का साक्षात स्वरूप होती है, लेकिन आजकल कन्याओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। लिहाजा लोगों को कन्याओं के महत्व से अवगत कराने के लिए आश्रम की ओर से विगत तीन वर्षों से दुर्गोत्सव के दौरान कन्या पूजन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें काफी तादाद में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं।