राजधानी एक्स. के यात्रियों को फूड प्वाइजनिग की शिकायत
रेल महकमे में यात्रियों की फूड प्वाइजनिग का मामला फिर प्रकाश
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : रेल महकमे में यात्रियों की फूड प्वाइजनिग का मामला फिर प्रकाश में आया है। रविवार को इसी तरह का एक मामला नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस में सामने आया। महकमे की ओर से मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
रविवार की दोपहर दक्षिण पूर्व रेलवे खड़गपुर मंडल मुख्यालय को संदेश मिला कि नई दिल्ली से भुवनेश्वर आ रही राजधानी एक्सप्रेस के कुछ यात्रियों को उलटी और दस्त हो रहे हैं। मामला फूड प्वाइजनिग का हो सकता है, क्योंकि पहले भी इस तरह के मामले प्रकाश में आ चुके हैं। पड़ताल से पता चला कि यह मामला झारखंड के मुरी के पास हुआ। लिहाजा मुरी और बोकारो में चिकित्सा टीम ने यात्रियों के उपचार की व्यवस्था की। हालांकि टाटानगर के बाद फिर संदेश मिला कि एक महिला यात्री की हालत अब भी गंभीर है। लिहाजा खड़गपुर के हिजली में समाचार प्रेषण तक ट्रेन का इंतजार हो रहा था। फूड प्वाइजनिग की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि रेल महकमे में चर्चा रही कि विषक्रिया बिरियानी खाने से हुई। खड़गपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्यिक प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।