टीएमसी व भाजपा कार्यकर्ताओं में संघर्ष, पांच घायल
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के विभिन्न जगहों पर टीएमसी व भाजपा कार्यकर्ताओं क
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिले के विभिन्न जगहों पर टीएमसी व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक हिसा की घटनाएं बदस्तूर जारी है। इस क्रम में मेदिनीपुर कोतवाली थाना अंतर्गत इलाहीगंज में भी भाजपा व टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हिसक संघर्ष की घटना प्रकाश में आई है। इसमें उभय पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को चिकित्सा के लिए मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संघर्ष के लिए उभय पक्ष ने एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में भी शिकायत दर्ज कराई है। संघर्ष के बाद राजनीतिक तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अतिरिक्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की देर शाम इलाहीगंज के भाजपा कार्यालय में दलीय कार्यकर्ता बैठक कर रहे थे। भाजपा का आरोप है कि उसी दरम्यान टीएमसी के कुछ कार्यकर्ता मौके पर आ गए और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय में भी तोड़फोड़ की। इधर हिसक घटना के बाद गुरुवार की सुबह एक टीएमसी कार्यकर्ता को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा अकारण पीटे जाने का आरोप लगाया गया है। पिटाई से घायल युवक के विषय में सूचना मिलने के बाद टीएमसी के कई कार्यकर्ता गुरुवार को भी सुबह मौके पर पहुंचे और भाजपा की एक महिला समर्थक के साथ मारपीट की। वहीं भाजपा कार्यालय के सामने रखी हुई कई साइकिल व बाइक को गिरा दिया। भाजपा नेता शुभजीत राय ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने फरमान जारी कर क्षेत्र में किसी भी नागरिक को भाजपा से नहीं जुड़ने का आदेश सुनाया है। जिसका लोग विरोध कर रहे हैं। टीएमसी समर्थक आए दिन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हिसा कर रहे हैं। वहीं स्थानीय टीएमसी नेता राजा मन्ना ने कहा कि टीएमसी पर हिसा का आरोप मिथ्या है। भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी के कारण ही हिसा हुई है।
------
मामले को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उचित कार्रवाई की जाएगी।
- दिनेश कुमार, जिला पुलिस अधीक्षक, पश्चिम मेदिनीपुर