जयहिदनगर में बेहाल है नागरिक सुविधा
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के जयहिदनगर में नागरिक सु
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर के जयहिदनगर में नागरिक सुविधा का हाल काफी बेहाल है, लेकिन इसे लेकर प्रशासन की ओर से कुछ नहीं किया जा रहा है। जयहिदनगर रेलवे सेटलमेंट के दायरे में है। जयहिदनगर रेल कॉलोनी में सैकड़ों की संख्या में रेल कर्मचारी रहते हैं।
कॉलोनी के भीतरी जगहों पर कई सड़कें वर्षो से जर्जर अवस्था में है। इसकी वजह से यहां आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेल कर्मचारी संगठनों के अलावा नपा प्रशासन की ओर से भी कॉलोनी में सड़कों को ठीक करने की मांग लंबे अरसे से उठाई जा रही है, लेकिन समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी व्याप्त है। स्थानीय सभासद अंजना साकरे ने कहा कि जयहिदनगर कॉलोनी में जर्जर सड़क समेत अन्य नागरिक समस्याओं से लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से समस्या पर कतई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समस्याओं को दूर करने की मांग को लेकर हमलोग शीघ्र ही रेलवे प्रशासन को फिर ज्ञापन देंगे। समस्या का समाधान न होने की स्थिति में फिर हमलोग आंदोलन के लिए विवश हो जाएंगे।