पानी की बर्बादी रोकना नपा के लिए बनी चुनौती
पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में पानी की बर्बादी को रोकन
जागरण संवाददाता, खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में पानी की बर्बादी को रोकना नगरपालिका प्रशासन के लिए चुनौती बन गयी है। आने वाली गर्मी में शहर में किसी भी जगह पर पानी की किल्लत न हो। इसके लिए नपा प्रशासन की ओर से पानी की बर्बादी को रोकने के लिए कड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया गया है। शहर में नगरपालिका क्षेत्रों के अलावा रेलवे सेटलमेंट में भी पानी की बेहतर आपूर्ति के लिए नपा प्रशासन की ओर से सैकड़ों की संख्या में जगह-जगह स्ट्रीट नल लगाए गए हैं। कंसावती नदी के अलावा वार्ड स्तर पर बनाई गई बोरिग से भी नपा प्रशासन की ओर से शहर में जलापूर्ति की जा रही है लेकिन कई जगहों पर टूटे नलों से पानी की बर्बादी हो रही है। कई लोग जरूरत से ज्यादा जल संग्रह कर रहे हैं। वहीं कुछ जगहों पर स्ट्रीट नलों से पाइप को जोड़कर मोटर पंप के द्वारा होटलों में भी अवैध रूप से पानी संग्रह किया जा रहा है। पानी की बर्बादी को रोकने के लिए नपा प्रशासन की ओर से सभी वार्डों में सघन अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया। खड़गपुर नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप सरकार ने कहा कि टूटे स्ट्रीट नलों की मरम्मत कराने तथा लोगों को जरूरत से ज्यादा पानी संग्रह करने से रोकने के लिए नपा प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जाएगा। उन्होने कहा कि गर्मी में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए नपा प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है।