तेंदुए ने ली बच्चे की जान, लोगों में आक्रोश
जलपाईगुड़ी जिले के वीरपाड़ा स्थित रामझोरा चाय बागान में एक तेंदुए ने ग्यारह वर्षीय बच्चे की जान ले ली। रविवार क
संवाद सूत्र, वीरपाड़ा: फिर एक बार तेंदुए ने ग्यारह वर्षीय बच्चे की जान ले ली। यह घटना रविवार को रामझोड़ा चाय बागान में हुई है। मृत बच्चे का नाम अनिकेत उराव बताया गया। मृतक के पिता रामू उराव ने कहा कि रविवार सुबह को उसकी पत्नी सुषमा उराव बागान में घास लाने के लिए गई थी। इस दौरान अनिकेत भी मां के पीछे-पीछे बागान चला गया। घर से एक सौ मीटर की दूरी पर जाने पर अचानक तेंदुए ने बच्चे के गले पर हमला कर दिया। फिर उसे घसीटकर बागान के पानी के टैंक के सामने ले गया। उक्त घटना को देखकर हाट में जा रही शिवानी उराव, रिनी उराव समेत अन्य महिलाएं चिल्लाने लगी। इसके बाद लोगों के मौके पर पहुंचने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर चला गया। बारह दिनों बाद तेंदुए के हमले में फिर एक बच्चे की मौत से रामझोड़ा चाय बागान के लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। आक्रोशित जनता ने तेंदुए को पकड़ने की मांग की है नहीं तो उसे मार देने की धमकी दी। घटना की सूचना पाकर मदारीहाट से वनकर्मी मौके पर पहुंचे। फिर यहां के लोगों ने वन कर्मियों का घेराव कर डीएफओ को मौके पर आने की मांग की। इसके अलावा स्थाई वनकर्मियों द्वारा रामझोड़ा चाय बागान में गश्त लगाने व पहरेदारी करने की मांग की गई है।
शिक्षक जावेद अली ने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वनकर्मियों को और अधिक तत्पर होने की जरूरत है। साथ ही वन विभाग को जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ना चाहिए। वन विभाग के अनाड़ी वाइल्ड लाइफ के वार्डन सीमा चौधरी ने कहा कि धूमचीपाड़ा चाय बागान के बाद रामझोड़ा चाय बागान में तेंदुए के हमले से बच्चे की मौत काफी दर्दनाक है। इस बारे में वनमंत्री से बात की जाएगी। अब रामझोड़ा चाय बागान के श्रमिकों को भी प्रतिदिन सुबह टीन या पटाखा फोड़कर बागान में जाने का निर्देश दिया गया है। जलदापाड़ा सहकारी वन्यप्राण संरक्षक विमल देवनाथ ने कहा कि सरकारी नियमानुसार परिवार को मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।