बंगाल: सरकारी बस से एक किलो ब्राउन शुगर बरामद, कंडक्टर हिरासत में
रायगंज में एक सरकारी बस से एक किलो ब्राउन शुगर बरामद होने के बाद कंडक्टर को हिरासत में लिया गया है।
-1793895708156_m.webp)
रायगंज में सरकारी बस से एक किलो ब्राउन शुगर मिली
HighLights
रायगंज में सरकारी बस से एक किलो ब्राउन शुगर मिली
बस कंडक्टर सुब्रत हलदार को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
बीएसएफ ने गुप्त सूचना पर बस की तलाशी ली
जागरण न्यूज नेटवर्क, रायगंज। रायगंज में सरकारी बस से एक किलो ब्राउन शुगर मिलने के बाद बस कंडक्टर सुब्रत हलदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एनबीएसटीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंडक्टर की गिरफ्तारी का विरोध किया।
सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बीएसएफ की 91 नंबर बटालियन के जवानों ने रायगंज के मिरुअल स्थित बीएसएफ कैंप के 3 नंबर गेट के पास बस की तलाशी ली।
वहां एक लावारिस बैग में एक किलो ब्राउन शुगर मिला। किसी यात्री ने बैग पर दावा नहीं किया, जिसके बाद कंडक्टर को रायगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बस चालक गौड़ घोष ने बताया कि बस में कई यात्री चढ़ते और उतरते हैं। उनके बैग की तलाशी लेना चालक और कंडक्टर के लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उन्हें परेशानी में पड़ना पड़े, तो यह उनके साथ ज्यादती है और बस में काम करना मुश्किल हो जाएगा।
बस यात्रियों का अनुमान है कि कोई यात्री हिली में बस पर चढ़ा और बुनियादपुर में उतर गया होगा, संभव है कि बैग उसी का हो। पुलिस सभी संभावनाओं की जांच कर रही है। दीपावली से पहले नशीले पदार्थों की तस्करी की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस और प्रशासन सकते में हैं।