जमीन कब्जा करने को लेकर हमला, बुजुर्ग समेत तीन घायल
- तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में ही हुई मारपीट, पुलिस ने शुरू की छानबीन संवाद सूत्र, मालदा: पंचायत
- तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में ही हुई मारपीट, पुलिस ने शुरू की छानबीन संवाद सूत्र, मालदा: पंचायत चुनाव समाप्त होते ही फिर एक बार तृणमूल कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर प्रकाश में आने लगी है। तृणमूल समर्थक बुजुर्ग पर जबरन कब्जा करने का आरोप पार्टी के ही दूसरे गुट के बदमाशों पर लगा है। रोकने पर बुजुर्ग व उसके बेटे के साथ मारपीट कर हत्या करने की कोशिश की गई। यह घटना शुक्रवार रात को मालदा के रतुआ थाना के अंर्तगत सामसी फाड़ी से सटे छविल पाड़ा इलाके में हुई है। फिलहाल सभी का इलाज मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में चल रहा है।
घायल बुजुर्ग का नाम सावित्री मंडल (65) बताया गया। उसके बेटे चंदन मंडल ने कहा कि पिछले काफी दिनों से तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोगों की नजर उनलोगों की जमीन पर है। शुक्रवार रात को तिस्कु मंडल व जय मंडल के नेतृत्व में कुछ बदमाश आकर जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने लगे। रोकने पर परिवार वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद घायल चिंतु मंडल को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। लेकिन बलराम मंडल व सावित्री मंडल की हालत नाजुक होने की वजह से दोनों को मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल परिवार वालों से शिकायत मिलने के बाद सामसी फाड़ी की पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, उक्त मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के जिला नेतृत्व नाराज हैं। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष दुलाल सरकार ने कहा कि इन घटनाओं से पार्टी के किसी सदस्य का कोई लेना देना नहीं है।