विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जलपाईगुड़ी में भीषण सड़क हादसा, तीन श्रमिकों की मौत; दस बच्चे घायल

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:22 PM (IST)

जलपाईगुड़ी के नागराकाटा में स्कूल बच्चों को ले जा रहा एक टाटा कैंटर कस्टम आउटपोस्ट से टकरा गया। 

स्कूल कैंटर कस्टम आउटपोस्ट से टकराया (चेंगमारी चाय बागान में अस्पताल के बाहर मृतक और घायलों के स्वजन, जागरण)

स्कूल कैंटर कस्टम आउटपोस्ट से टकराया (चेंगमारी चाय बागान में अस्पताल के बाहर मृतक और घायलों के स्वजन, जागरण)

HighLights

  1. स्कूल कैंटर कस्टम आउटपोस्ट से टकराया

  2. हादसे में दस बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए

  3. वाहन का ब्रेक फेल होने से दुर्घटना हुई

जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। स्कूल से बच्चों को लेकर लौट रहा टाटा कैंटर सोमवार दोपहर अनियंत्रित होकर भारत-भूटान सीमा के निकट कस्टम के एक आउटपोस्ट कार्यालय में जा घुसा। इस हादसे में वहां खड़े तीन चाय श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कैंटर में सवार 10 बच्चे घायल हो गए।

हादसा बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा ब्लाक के अपर चांगमारी चाय बागान में हुआ। स्थानीय सूत्रों के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे चांगमारी चाय बागान हाईस्कूल के बच्चों को लेकर कैंटर लौट रहा था।

इसी दौरान वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार कैंटर सीधे कस्टम्स के आउटपोस्ट कार्यालय से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही दो श्रमिकों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक अन्य श्रमिक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान हरिलाल ओरांव (55), सूरज टोप्पो (41) और शीत सोरेन (35) के रूप में हुई है। हादसे में घायल 10 बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से सुलकापाड़ा ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से आठ को बेहतर इलाज के लिए माल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर जलपाईगुड़ी रेंज के डीआइजी प्रशांत कुमार चौधरी अस्पताल पहुंचे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी भी थीं। उन्होंने घायलों का हाल जाना। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।