सोने के लिए बिस्तर पर गए तो कोबरा को फन उठाए देख भागे उल्टे पांव
धुपगुड़ी में आए दिन जहरीले सांपों के निकलने से लोग काफी दहशत में हैं। बुधवार की रात एक शख्स सोने के लिए बिस्तर पर गए को फन उठाए कोबरा को देख उनको उल्टे पांव भागना पड़ा।
धुपगुड़ी [संवादसूत्र]। खाना खाने के बाद बुधवार की रात बिस्तर पर गए तो कोबरा फन उठाए बैठा था। उसे देखकर सुबोध मल्लिक की घिग्घी बंध गई। बाद में डुआर्स नेचर एंड स्नेक लवर्स ऑर्गेनाइजेशन के सदस्यों को सूचना दी गई तो उन्होंने आकर बड़ी मशक्कत से सांप को काबू में किया। गुरुवार की सुबह उसे मराघाट जंगल में छोड़ दिया गया। घटना धुपगुड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर सात की है। बताया गया कि यह दुनिया में जहर के मामले में दूसरा स्थान रखता है। जिसे डंस लेगा, उसे बचाना काफी मुश्किल होगा।
सुबोध मल्लिक जब बिस्तर पर गए तो कुछ कपड़े रखे थे। सोने के लिए कपड़ों को हटाना चाहा तो कोबरा फन उठाकर खड़ा हो गया। उसे देख शोर मचाते वे उल्टे पांव भागे। दहशत में घर के सभी सदस्य बाहर आ गए। तब तक सांप चारपाई से उतर कर नीचे छिप गया। वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन वहां से कोई नहीं आया। फिर डुआर्स नेचर एंड स्नेक लवर्स ऑर्गेनाइजेशन को फोन से सूचना दी गई। इसके सदस्यों ने जाकर करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद उसे पकड़ने में सफलता पाई। करीब पांच फीट का सांप होने के कारण पकड़ने में काफी परेशानी हुई। जब उसे पकड़ लिया गया, तब घर वालों ने राहत की सांस ली। बता दें कि इस इलाके में जहरीले सांप का बड़ा ही आतंक है। आए दिन किसी न किसी के घर में देखे जा रहे हैं।
अभी गत सोमवार की रात धुपगुड़ी के ही वार्ड संख्या एक में भजन नाग के घर में भी कोबरा मिला था। उसे भी रेस्क्यू किया गया। बुधवार की रात करीब दो बजे वार्ड संख्या चौदह राजेश साह के घर में घरचीती नामक सांप मिला था। इसे भी रेस्क्यू किया गया।