छुट्टी में घर आई प्रियंका का लहूलुहान शव घर के सामने से मिला
शनिवार की शाम को नागराकाटा ब्लॉक के चर्च लाइन से एक युवती का लहूलुहान शव बरामद किया गया।
संवाद सूत्र, नागराकाटा : शनिवार की शाम को नागराकाटा ब्लॉक के चर्च लाइन से एक युवती का लहूलुहान शव बरामद किया गया। मृत युवती का नाम प्रियंका लामा (26) है। घरवालों के अनुसार, प्रियंका की हत्या हुई है। हालांकि रविवार शाम तक इस मामले में मृतका के परिजनों की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। लेकिन रविवार की दोपहर को स्थानीय लोगों ने प्रियंका की मौत की जांच के लिए थाना के सामने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। नागराकाटा थाना के ओसी असीम मजूमदार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका कर्सियांग के एक प्राइवेट बैंक में इंटर्नशिप कर रही है। शुक्रवार को वह छुट्टी पर घर आई थी। शनिवार की शाम को उसका शव घर के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला। प्रियंका घर की इकलौती बेटी थी। उसके पिता नहीं है। मां अरुणा आले नागराकाटा के एक शिशु शिक्षा केंद्र में सहायिका का काम करती है। बेटी का शव देखने के बाद से अरुणा आले बार बार बेहोश हो जा रही है। राते-बिलखते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। दोषी की सजा चाहिए। मृत प्रियंका के परिजन श्याम यानजान ने कहा कि पुलिस के पास जनरल डायरी की गई है। जल्द एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।