बंगाल में उम्मीदवारों के चयन के लिए मंडल स्तर तक पहुंचे भाजपा के प्रदेश नेता
भाजपा बंगाल में आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन हेतु मंडल स्तर तक परामर्श कर रही है। इस बहु-स्तरीय ...और पढ़ें
-1793797200139_m.webp)
HighLights
भाजपा बंगाल में उम्मीदवार चयन हेतु मंडल स्तर तक पहुंची।
बहु-स्तरीय परामर्श से असंतोष कम करने का लक्ष्य।
प्रत्येक मंडल से पांच नाम, फिर तीन और अंत में एक।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में आगामी चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को लेकर भाजपा ने संगठन के जमीनी स्तर तक पहुंचने की तैयारी की है। नवंबर में उम्मीदवारों की सूची जारी होने की संभावना के बीच पार्टी नेतृत्व इस बार चयन प्रक्रिया में कई स्तरों पर रायशुमारी कर रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के नेतृत्व में प्रदेश के नेता मंडल स्तर तक पहुंच रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल भी इस प्रक्रिया में प्रदेश और जिला नेताओं को शामिल कर रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य उम्मीदवारों के चयन को लेकर संभावित विवाद और असंतोष को कम करना है।
सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक मंडल में कम से कम 50 सदस्यों की समिति बनाई गई है। इसमें मौजूदा पदाधिकारियों के साथ पिछली कार्यकारिणी के अध्यक्ष और महासचिव भी शामिल हैं। यह समिति प्रत्येक मंडल से पांच नामों की सिफारिश करेगी। इसके बाद पूर्व जिला अध्यक्षों और महासचिवों की समिति इन पांच नामों में से तीन नाम चुनेगी। इन नामों को प्रदेश नेतृत्व के पास भेजा जाएगा, जहां अंतिम रूप से एक नाम पर निर्णय होगा। संबंधित क्षेत्र के विधायक अथवा विधायक पद के संभावित उम्मीदवार की राय भी अलग से ली जाएगी।
पहले ड्राप बाक्स के जरिए आवेदन आमंत्रित किए थे
भाजपा ने बंगाल के कोलकाता और हावड़ा नगर निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तलाश के उद्देश्य से सबसे पहले ड्राप बाक्स के जरिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इस प्रक्रिया में करीब आठ हजार आवेदन मिले। हालांकि, ड्राप बाक्स में आवेदन जमा करना टिकट मिलने की गारंटी नहीं थी।
कुल मिलाकर, ड्राप बाक्स उम्मीदवारों की तलाश का खुला मंच था, जबकि मंडल से प्रदेश तक की प्रक्रिया उम्मीदवारों को छांटने और टिकट पर अंतिम फैसला लेने का संगठनात्मक तंत्र है। ड्राप बाक्स से मिले आवेदनों में से कितने नाम अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।