वीजा मिलते ही भारत लौटे बांग्लादेशी कारीगर, जलपाईगुड़ी में फिर घुलने लगी खजूर के गुड़ की मिठास
जलपाईगुड़ी के दूधिया गांव में बांग्लादेशी कारीगरों की वापसी से खजूर के गुड़ की मिठास फिर घुल गई है।

जलपाईगुड़ी के गाजलडोबा में अपने सहयोगी के साथ खजूर गुड़ तैयार करते बांग्लादेश के अब्दुर रहीम। - जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। सर्दियों की दस्तक के साथ ही बंगाल के गांवों में खजूर के रस और गुड़ की मिठास घुलने लगी है। सुबह की ठिठुरन के बीच खजूर के पेड़ों से रस उतारने और उसे पकाकर गुड़ तैयार करने का पारंपरिक काम शुरू हो गया है।
इस बार जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज ब्लाक स्थित गाजलडोबा के दूधिया गांव में खजूर के गुड़ की खुशबू के साथ एक पुराना परिचित चेहरा भी लौट आया है।
बांग्लादेशी कारीगर रहीम दो साल बाद लौटे
बांग्लादेश के राजशाही जिले के रहने वाले अब्दुर रहीम दो साल के अंतराल के बाद फिर यहां पहुंचे हैं। उनके साथ दो और कारीगर मोहम्मद हुसैन अली और मोहम्मद जिन्नात भी खजूर का गुड़ बनाने के लिए आए हैं।
दरअसल, भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में आई तल्खी के कारण पिछले दो वर्षों तक इन कारीगरों को वीजा नहीं मिल पाया था। इस वजह से वे सर्दियों के मौसम में यहां आकर खजूर का गुड़ तैयार नहीं कर सके।
उनके नहीं आने से स्थानीय लोगों को भी उनके हाथों से तैयार होने वाले पारंपरिक खजूर के गुड़ का स्वाद नहीं मिल पाया। अब इस वर्ष वीजा मिलने के बाद उनकी वापसी से स्थानीय लोगों में भी खुशी है।
वीजा मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी
अब्दुर रहीम बताते हैं कि वह पिछले 13 वर्षों से हर सर्दी में बांग्लादेश से यहां आते रहे हैं। यहां खजूर के पेड़ों से रस निकालकर गुड़ तैयार करना उनका मौसमी काम है।
भारत-बांग्लादेश के बीच संबंध खराब होने के कारण पिछले दो साल से यहां नहीं आ सके थे। इस बार फिर अपने पुराने काम पर लौटकर काफी अच्छा लग रहा है।
तीनों कारीगर इन दिनों करीब 120 खजूर के पेड़ों से रस संग्रह कर रहे हैं। उनके मुताबिक प्रतिदिन लगभग 250 से 300 किलोग्राम खजूर का रस निकाला जाता है।
इस रस को पारंपरिक तरीके से बड़े बर्तनों में गर्म कर गुड़ तैयार किया जाता है। इससे रोजाना औसतन 50 से 60 किलोग्राम खजूर का गुड़ बनता है। तैयार गुड़ की मांग जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी और ओदलाबाड़ी समेत आसपास के विभिन्न बाजारों में है।
तड़के शुरू हो जाता है काम
बांग्लादेश से आए दूसरे कारीगर मोहम्मद हुसैन अली बताते हैं कि उनका दिन सुबह होने से पहले ही शुरू हो जाता है। तड़के वह खजूर के पेड़ों से रस निकालने के लिए निकल पड़ते हैं। पेड़ों पर पहले से बांधे गए बर्तनों में जमा रस को इकट्ठा कर अपने ठिकाने पर लाते हैं।
इसके बाद पूरे दिन रस को पकाकर गुड़ तैयार करने का काम चलता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह फालाकाटा इलाके में खजूर का गुड़ बनाने आते थे। हालांकि, इस बार पहली बार गाजलडोबा के दूधिया गांव में काम करने का मौका मिला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।