1.50 लाख कीमत के 'रेड ड्रैगन' अमरूद के पौधे चोरी, तीन गिरफ्तार; इस किस्म की मार्केट में है भारी डिमांड
हाबरा के माराकपुर में किसान फैसल अमीन वैद्य के खेत से 1.5 लाख रुपये के 90 'रेड ड्रैगन' अमरूद के पौधे चोरी हो गए।

हाबरा में डेढ़ लाख के रेड ड्रैगन अमरूद पौधे चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
हाबरा से डेढ़ लाख के 90 रेड ड्रैगन अमरूद पौधे चोरी।
पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन युवकों को किया गिरफ्तार।
रेड ड्रैगन अमरूद अपनी खास बनावट और स्वाद के लिए प्रसिद्ध।
जागरण संवाददाता, बारासात। थाईलैंड की प्रीमियम किस्म के अमरूद के पौधों पर भी चोरों की नजर पड़ गई और उन्होंने इसे भी चुरा लिया। उत्तर 24 परगना के हाबरा के माराकपुर इलाके में खेत से 'रेड ड्रैगन' किस्म के 90 अमरूद के पौधे चोरी करने के आरोप में हाबरा थाने की पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। चोरी हुए पौधों की बाजार कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के नाम ताहाजुल मंडल, शाहरुख मंडल और साहाबुद्दीन मंडल हैं। ताहाजुल हाबरा का रहने वाला है, जबकि शाहरुख और साहाबुद्दीन देगंगा के निवासी हैं। बुधवार देर रात माराकपुर निवासी किसान फैसल अमीन वैद्य के खेत से इन पौधों की चोरी हुई थी।
किसान ने अपने खेत में थाईलैंड की प्रीमियम किस्म 'रेड ड्रैगन' के पौधे लगाए थे। घटना के बाद उसने हाबरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गुरुवार को उन्हें बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर चोरी हुए पौधों की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
किलो 300 रुपये से अधिक है कीमत
रेड ड्रैगन अमरूद अपनी खास बनावट और स्वाद के लिए जाना जाता है। इसके छिलके पर लाल और गुलाबी रंग की आभा होती है, जबकि अंदर का गूदा गहरे लाल रंग का होता है। यह सुगंधित और शहद की तरह मीठा होता है। इसकी खासियत है कि साल में दो से तीन बार फल आते हैं।
एक पौधे की कीमत करीब 1200 से 1500 रुपये है। वहीं, एक अमरूद का वजन सामान्यतः 300 से 500 ग्राम होता है। खुले बाजार में इसकी कीमत 300 रुपये प्रति किलो से अधिक है। ऐसे में पौधों की चोरी से किसान को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।