विधानपल्ली में बनेगा 50 बेड का स्वास्थ्य केंद्र
बेनाचिति : दुर्गापुर नगर निगम आम जनता तक बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत
बेनाचिति : दुर्गापुर नगर निगम आम जनता तक बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयासरत है। जिसका नतीजा है कि नगर निगम की ओर से इस बार दुर्गापुर शहर के तेरह नंबर वार्ड के विधानपल्ली व नतूनपल्ली के बीच एक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का योजना तैयार की गई है। यह स्वास्थ्य केंद्र बन जाने से इलाके के लोगों को चिकित्सा की बेहतर सुविधा मिलेगी। काफी समय से यहां स्वास्थ्य केंद्र बनाने की बात चल रही थी। राज्य सरकार के डेढ़ बीघा जमीन पर यह स्वास्थ्य केंद्र बनेगा, जिस पर 75 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। अस्पताल में 50 बेड की सुविधा रहेगी। नगर निगम की मेयर परिषद सदस्य स्वास्थ्य विभाग राखी तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के सुधा योजना के तहत प्रथम चरण में 26 लाख रुपये नगर निगम में आ चुका है। जिससे काम शुरू किया जाएगा। नगर निगम की तरफ से जमीन का चिह्नित कर लिया गया है। इस माह ही काम शुरू हो जाने की उम्मीद है। यह केंद्र 50 बेड का होगा। छह माह के भीतर निमार्ण कार्य को पूरा करने की योजना है। पार्षद धमेंद्र यादव ने कहा कि यह स्वास्थ्य केंद्र बन जाने से लोगों को काफी सुविधा होगी।