शिल्पांचल में हर्षोल्लास से मनी दीपावली
आसनसोल : दीपों का त्योहार दीपावली हर्षोल्लास व उमंग के साथ शिल्पांचल में बुधवार को मनाई गई
आसनसोल : दीपों का त्योहार दीपावली हर्षोल्लास व उमंग के साथ शिल्पांचल में बुधवार को मनाई गई। घर- घर में लोगों ने दीप जलाया और गणेश- लक्ष्मी की पूजा अर्चना की। बच्चों से लेकर बड़ों तक ने आतिशबाजी का आनंद लिया। दीपावली पर लोगों ने घरों को दीये, मोमबत्ती और आकर्षक रंगीन लाइटों से सजाया। लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना कर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में नए वर्ष के साथ नए खाता की शुरूआत की गई। शाम होते ही से एक ओर पूरा शहर रंग-बिरंगे रोशनी में नहाया रहा।वहीं इस वर्ष तेज आवाज वाले पटाखों की जगह फूलझड़ी और रोशनी करने वाले पटाखें अधिक छूटे।
जेकेनगर : दीपो का पर्व दीपावली रानीगंज क्षेत्र के जेकेनगर, बेलियाबथान, रोटीबाटी ,चपुई समेत सलग्न क्षेत्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया। दीपावली को लेकर बुधवार को जेकेनगर, नींघा ,श्रीपुर आदि बाजार में शाम तक रौनक थी। पूरा क्षेत्र विद्युत साज सज्जा एवं दीपों से जगमगा उठा। दीपावली पर बच्चों ने जमकर आतिशबाजी की। महिलाओं ने मां लक्ष्मी और गणेश की अराधना की और धन, वैभव और शांति की कामना की। वहीं धूमधाम से काली पूजा भी हुई। जेमेरी पल्लीमंगल समिति की 30 फीट की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही।
रेलपार : आसनसोल रेलपार अंचल में भी दीपावली धूमधाम से मनाई गई। अंचल के घरो में रंगबिरंगी रोशनी में पूरा शहर जगमगा उठा। शांतिपूर्वक हर किसी ने पूजा का आनंद उठाया।
रानीगंज : रानीगंज में दीपावली का त्यौहार धूमधाम के साथ मनाया गया। जहां लोगों ने घरों में दीपक जलाया एवं घरों को लाइटों से सजाया।
------------------------
महावीर स्थान में मनाया गया दीपोत्सव
जासं, आसनसोल : प्रकाश पर्व दीपावली पर जीटी रोड स्थित आसनसोल महावीर स्थान में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं ने ग्यारह सौ दीप जलाकर महावीर स्थान को जगमग कर दिया। महावीर स्थान सेवा समिति के सचिव अरुण शर्मा के नेतृत्व में दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। अरुण शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दीपावली पर महावीर स्थान में दीपोत्सव का आयोजन किया जाता है। काफी उत्साह के साथ श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। इस वर्ष भी यहां 1100 दिया जलाया गया। इस अवसर पर समिति की ओर से बच्चू गुप्ता, प्रकाश साव, राजकुमार अग्रवाल, मनीष भगत, अभिषेक वर्मन, विवेक साव आदि उपस्थित थे।