यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
West Bengal: रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज के विद्यार्थियों से भरी बस गंगटोक में पलटी, 26 घायल, चार आइसीयू में भर्ती
झारखंड की राजधानी रांची से एजुकेशनल टूर पर आए विद्यार्थियों भरी बस गंगटोक में ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त ...और पढ़ें
s-bus-accide_22843827_16566898_m.webp)
दार्जिलिंग, आनलाइन डेस्क। St. Xavier's College, Ranchi, Bus Accident in Gangtok: झारखंड की राजधानी रांची (Ranchi) से एजुकेशनल टूर पर सिक्किम आए विद्यार्थियों की बस गंगटोक के रानीपुल के निकट मंगलवार (28 जून) की सुबह सात माइल में ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार विद्यार्थियों, चालक व सहयोगी समेत 26 लोग घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए तादोंग पांच माइल स्थित सीआरएच (मणिपाल) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उक्त बस विद्यार्थियों को लेकर गंगटोक से सिलीगुड़ी जा रही थी शैक्षिक भ्रमण पर आए विद्यार्थी तीन बस में थे, जिसमें से एक बस का ब्रेक फेल होने से दुर्घटना हो गई। दुर्घटना की सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरन्त ही अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में झारखंड रांची की अनुसा मेला (26), रवि आनन्द, सेप्रियन (27), सुमित (26), सीम्स (26), प्रीति कुमारी (24), नूतन (27), जस्मिन (24), संजू (24), सृष्टी (26) निधि टिग्गा (24), अनुपमा टोप्को (22) ( स्थिति गंभीर), ऋतु प्रीया (25), स्वीता संनन्द (26), नुस्कुजल (24) (स्थिति गंभीर) , अनभा (25), नेहा कुमारी (30), कर्सियांग के सजेस (51) , डेविड बाबर (35) (स्थिति गंभीर), कृति कुमारी, रामु आनन्द, रोस, दार्जिलिंग के भृगु रजत (24) और रंजित परियाल (24) शामिल है।
इस संबंध में मणिपाल के चिकित्सा अधिकारी डा. योगेश वर्मा ने बताया कि मणिपाल में 26 लोग उपचाराधीन हैं। फिलहाल अधिकांश विद्यार्थियों की स्थिति सामान्य है और कुछ विद्यार्थियों की स्थिति गंभीर है। वैसे कोई भी अतिगंभीर नहीं है। डा. वर्मा ने बताया कि दो विद्यार्थी आईसीयू में हैं और एक सर्जिकल आईसीयू में है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यार्थी खतरे से बाहर हैं और कल तक सभी को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
उधर, सिक्किम पुलिस के एडीजीपी अक्षय सचदेवा ने बताया कि सिक्किम से रांची के विद्यार्थियों को लेकर तीन बस मंगलवार को सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुई थीं। जिसमें एक बस ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई, उक्त तीनों बस सिलीगुड़ी से आयीं थी। घटना की प्रारंभिक जांच में बस का ब्रेक फेल होने से दुर्घटना बताई जा रही है । घायलों को 24 घंटों तक निगरानी में रखने के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा। एडीजीपी सचदेवा ने बताया कि अन्य दो बसों में सवार विद्यार्थियों ने सिलीगुड़ी जाने की इच्छा जताई थी जिन्हें पुलिस की सुरक्षा में एनजेपी तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। उल्लेखनीय है कि सभी विद्यार्थी मंगलवार की रात नौ बजे की ट्रेन से झारखंड रवाना हो रहे हैं। घटना के बारे में जानकारी मिलते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जैकब खालिंग भी मणिपाल अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने कहा विद्यार्थियों के उपचार का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी ।

बस दुर्घटनाग्रस्त होते ही कई लोग सहायता को दौड़े। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जागरण फोटो।
