यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
West Bengal: जीटीए चुनाव जीतने के बाद अनित थापा की सीएम ममता बनर्जी से होगी पहली मुलाकात, कोलकाता हुए रवाना
गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) चुनाव-2022 में पूर्ण बहुमत से विजयी हुए भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के अध्यक्ष अनित थापा पश्चिम ...और पढ़ें

सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (GTA) चुनाव-2022 में पूर्ण बहुमत से विजयी हुए भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (BGPM) के अध्यक्ष अनित थापा (Anit Thapa) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (CM Mamta Banerjee) से मिलने आज कोलकाता रवाना हो गए। दार्जिलिंग से कोलकाता जाने के क्रम में इस दिन उन्होंने सिलीगुड़ी के निकट बागडोगरा एयरपोर्ट (Bagdogra Airport) पर संवाददाताओं से बातचीत भी की उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से पहाड़ के विकास के मुद्दों को लेकर चर्चा करने जा रहे हैं।
जीटीए के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जल्द ही जीटीए का नया बोर्ड गठित किया जाएगा। इसमें चेयरमैन और वाइस चेयरमैन कौन होंगे? इस बारे में उन्होंने कहा कि यह बोर्ड के निर्वाचित सदस्य तय करेंगे। दार्जिलिंग पार्वत्य क्षेत्र को लेकर अभी उनकी प्राथमिकता क्या होगी? इस बारे में उन्होंने कहा कि, सबसे पहले व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा। पहाड़ पर पंचायती राज व्यवस्था बहुत लंबे अरसे से प्रभावित है। इसके साथ ही जीटीए की भी व्यवस्था को बेहतर करना जरूरी है। इन तमाम पहलुओं को लेकर वह सरकार व समस्त दलों संग समन्वय कर विकास के लिए अग्रसर रहेंगे।
उनसे जब यह पूछा गया कि, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ (Governor Jagdeep Dhankhar) जब भी पहाड़ आते हैं तो वह यही कहते हैं कि जीटीए में बहुत भ्रष्टाचार व घोटाला हुआ है, उसकी ऑडिट की जानी चाहिए? तो उन्होंने जवाब दिया कि हर सार्वजनिक संस्थान की ऑडिट होनी चाहिए। यह अच्छा ही है। हमने जीटीए में रहते हुए अच्छा काम किया तभी पहाड़ की जनता ने हमें पुण: पूर्ण बहुमत के साथ जीटीए की कमान सौंपी है। हम आगे भी और बेहतर से बेहतर काम कर पहाड़ के विकास को नई बुलंदी पर ले जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जीटीए चुनाव-2022 में कुल 45 में से 27 सीटें जीत कर अनित थापा का भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा जीटीए की सत्ता का हकदार बना है। इस चुनाव में द्वितीय स्थान पर अजय एडवर्ड की हाम्रो पार्टी ने आठ सीटें प्राप्त की हैं। वहीं, राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को पांच सीटें मिली हैं जबकि अन्य पां सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गई हैं। इस चुनाव के दौरान हालांकि घोषित रूप में भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा व तृणमूल कांग्रेस का गठबंधन नहीं था। मगर, गत 29 जून को चुनाव परिणाम सामने आने के तुरंत बाद ही तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा संग तृणमूल कांग्रेस का गठबंधन था। इस गठबंधन को जीत मिली है। भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा को एकतरफा पूर्ण बहुमत मिलने हेतु उन्होंने अनित थापा को बधाई भी दी थी। इसके साथ ही यह भी कहा था कि दार्जिलिंग पार्वत्य क्षेत्र के विकास में पश्चिम बंगाल राज्य सरकार सदैव पूर्ण तत्परता संग सहयोगी रहेगी। पहाड़ पर विकास का सिलसिला जारी रहेगा।
